रैंडमाइज्ड कंप्यूटर सिस्टम से हुआ स्थानांतरण, 333 महिलाएं और 75 दिव्यांग कर्मचारी भी शामिल
गोपाल विद्यार्थी
पटना : बिहार में राजस्व प्रशासन को पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने 1,181 अमीनों के स्थानांतरण को मंजूरी दी है। गुरुवार को विभागीय मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कंप्यूटर का बटन दबाकर स्थानांतरण प्रक्रिया का अनुमोदन किया। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन आवेदनों और रैंडमाइज्ड कंप्यूटरीकृत प्रणाली के माध्यम से संपन्न की गई।विभाग के अनुसार, स्थानांतरण प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप की संभावना कम करने और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए तकनीक का सहारा लिया गया। कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दूरी, महिला कर्मचारियों, पति-पत्नी के एक स्थान पर पदस्थापन, गंभीर बीमारी और दिव्यांगता जैसे मामलों को प्राथमिकता दी गई।
773 पुरुष, 333 महिला और 75 दिव्यांग अमीन शामिल
स्थानांतरित किए गए कुल 1,181 अमीनों में 773 पुरुष, 333 महिला और 75 दिव्यांग कर्मचारी शामिल हैं। स्थानांतरण के लिए बिहारभूमि पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन प्राप्त किए गए थे। इन्हीं आवेदनों के आधार पर कंप्यूटरीकृत प्रक्रिया से पदस्थापन को अंतिम रूप दिया गया।
पारदर्शिता और कर्मचारी हितों पर जोर
मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की व्यक्तिगत परिस्थितियों और विशेष आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार स्थानांतरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। तकनीक आधारित व्यवस्था से प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और कर्मचारियों का प्रशासनिक व्यवस्था पर भरोसा मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में तकनीक का अधिकाधिक उपयोग कर कार्यप्रणाली को सरल, निष्पक्ष और प्रभावी बनाना है। इससे राजस्व सेवाओं के सुचारु संचालन और आम लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी। मौके पर अपर सचिव अमित कुमार पांडेय, आईटी मैनेजर आनंद शंकर और अवर सचिव निरंजन यादव उपस्थित थे। विभाग की इस पहल को राजस्व प्रशासन में पारदर्शिता और तकनीक आधारित कार्यसंस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


