स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 44 यूनिट रक्त संग्रह, मानवता की सेवा का दिया संदेश

Lok Bimb
2 Min Read

उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने पदाधिकारियों एवं कर्मियों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की

फातेह आलम तालझारी

साहिबगंज : मानवता की सेवा और जरूरतमंद मरीजों की जीवन रक्षा के उद्देश्य से गुरुवार को सिद्धो-कान्हू सभागार, साहिबगंज में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 44 यूनिट रक्तदान किया। इस पहल के माध्यम से लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के साथ ही मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है। इसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कर्मियों से नियमित अंतराल पर स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की। साथ ही आम लोगों को भी रक्तदान के प्रति जागरूक करने और इस नेक कार्य के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग, पहाड़िया कल्याण, समाज कल्याण, विभिन्न प्रखंडों तथा जेएसएलपीएस सहित अन्य विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। सभी के सहयोग से शिविर सफल रहा। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, आईटीडीए के परियोजना निदेशक संजय कुमार दास, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment