फातेह आलम तालझारी
बोरियो : बोरियो-तीनपहाड़ मुख्य पथ पर हरिनचरा के पास रविवार तड़के एक बड़ा हादसा टल गया। तीनपहाड़ से महागामा की ओर जा रही एक चलती हाइवा में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी गाड़ी धूं-धूं कर जल उठी।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 5:00 बजे की है। हाइवा (डंपर) तीनपहाड़ की ओर से बोरियो होते हुए महागामा जा रही थी। जैसे ही वाहन हरिनचरा के समीप पहुँचा, अचानक शॉर्ट सर्किट की वजह से इंजन से लपटें निकलने लगीं। बाल-बाल बचे चालक आग लगते ही चालक और उपचालक ने सूझबूझ दिखाई और समय रहते चलती गाड़ी से कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई। सड़क पर लगा जाम आग की लपटें इतनी तेज थीं कि सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बोरियो पुलिस हरकत में आई। एएसआई प्रभाशंकर दुबे और वीरम मरांडी दलबल के साथ मौके पर पहुँचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला और दमकल विभाग को सूचित किया। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिसके बाद यातायात को फिर से बहाल कर दिया गया है। दमकल कर्मियों द्वारा आग बुझाने के बाद सड़क पर फंसे वाहनों का परिचालन सुचारू रूप से शुरू कराया गया। पुलिस फिलहाल मामले की छानबीन कर रही है और वाहन को सड़क से हटाने की प्रक्रिया जारी है। राहत की बात यह रही कि इस भयावह अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई।


