सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर समस्तीपुर–सहरसा पैसेंजर ट्रेन में लगी आग, मची अफरा-तफरी

Lok Bimb
2 Min Read

मोहम्मद जमशेद

समस्तीपुर : समस्तीपुर रेलमंडल के सहरसा-मानसी रेलखंड स्थित सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा टल गया। समस्तीपुर से सहरसा जा रही पैसेंजर ट्रेन संख्या 63344 के स्टेशन पहुंचते ही उसके इंजन और उससे सटी एक बोगी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते इंजन और बोगी से धुआं व आग की तेज लपटें उठने लगीं, जिससे स्टेशन परिसर में अफरातफरी मच गई। घटना तड़के करीब तीन बजे की बताई जा रही है। ट्रेन के स्टेशन पर रुकते ही यात्रियों ने आग की लपटें और धुएं का गुबार देखा तो ट्रेन में भगदड़ मच गई। यात्री अपनी जान बचाने के लिए सामान छोड़कर जल्दबाजी में ट्रेन से नीचे उतर गए। हालांकि रेलकर्मियों, जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और अग्निशमन यंत्रों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।सूचना मिलने पर करीब चार बजे दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही समस्तीपुर रेलमंडल के अधिकारी और स्थानीय प्रशासन के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। रेलवे ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के कारण आग लगने की जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। इंजन और बोगी को हुए नुकसान का आकलन भी तकनीकी जांच के बाद किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment