उप विकास आयुक्त ने की समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा, आंगनबाड़ी केंद्रों की सुविधाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश

Lok Bimb
3 Min Read
up vikas aayukt ne ki samaj kalyan vibhag ki yojanaon ki samiksha, anganbadi kendron ki suvidhaen durust karne ke diye nirdesh

फातेह आलम तालझारी

साहिबगंज : उपायुक्त के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला समाज कल्याण विभाग की योजनाओं एवं आंगनबाड़ी केंद्रों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के Co-Location, आधारभूत सुविधाओं, पोषण ट्रैकर ऐप, रिक्त पदों, मानदेय भुगतान तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना  की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि जिले के 702 आंगनबाड़ी केंद्रों का Co-Location सर्वेक्षण सत्यापित किया गया है। इनमें 348 केंद्र विद्यालय परिसर में संचालित पाए गए, जबकि 70 केंद्रों के लिए विद्यालयों में कमरे उपलब्ध हैं। अब तक 34 आंगनबाड़ी केंद्रों का पूर्ण रूप से विद्यालयों में स्थानांतरण किया जा चुका है। शेष केंद्रों के स्थानांतरण की प्रक्रिया आवश्यक मरम्मत एवं अन्य औपचारिकताओं के साथ जारी है।
समीक्षा के दौरान किराये के भवनों में संचालित 533 आंगनबाड़ी केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं का भी आकलन किया गया। इसमें 74 केंद्रों में बिजली, 24 में पेयजल, 38 में रसोईघर तथा 54 केंद्रों में शौचालय की सुविधा नहीं होने की जानकारी सामने आई। उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने, नियमित अनुश्रवण करने तथा गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में परियोजना अभिलेखों और पोषण ट्रैकर ऐप के आंकड़ों में कई विसंगतियां भी सामने आईं। किराये के भवनों के मामले में 26 भवनों, शौचालय उपलब्धता में 141 केंद्रों, तथा सेविका एवं सहायिका के रिक्त पदों में क्रमशः 11 और 29 पदों का अंतर पाया गया। इस पर सभी संबंधित प्रखंडों को अभिलेखों का सत्यापन कर पोषण ट्रैकर ऐप में आवश्यक संशोधन करने का निर्देश दिया गया।
सेविका एवं सहायिका के मानदेय भुगतान की समीक्षा में पाया गया कि अधिकांश परियोजनाओं से जुलाई 2026 की उपस्थिति विवरणी प्राप्त हो चुकी है, जबकि पतना प्रखंड से केवल जून माह की उपस्थिति उपलब्ध हुई है। जुलाई माह की उपस्थिति पूरी तरह प्राप्त नहीं होने के कारण अतिरिक्त मानदेय का भुगतान लंबित है। अधिकारियों को इसमें शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा में जिले का प्रदर्शन संतोषजनक पाया गया। 05 अगस्त तक जिले ने 3,283 के लक्ष्य के विरुद्ध 3,583 लाभार्थियों का नामांकन कर 109 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की। उधवा (143%), बरहरवा (139%), बोरियो (132%) एवं राजमहल (117%) प्रखंडों ने लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की। उप विकास आयुक्त ने शेष प्रखंडों को भी शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रयास तेज करने के निर्देश दिए। बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए-सह-प्रभारी जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार दास, सभी प्रखंडों के बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, जिला पर्यवेक्षक एवं संबंधित अधिकारी-कर्मी उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment