सिडनी हवाई अड्डे पर कतर और जेटस्टार के विमान टकराने से बचे, टला बड़ा विमान हादसा

Lok Bimb
2 Min Read

जेटस्टार एयरवेज का एक विमान रनवे के पास कतर एयरवेज के एक विशालकाय बोइंग विमान से टकराने से बाल-बाल बचा

सिडनी : ऑस्ट्रेलिया के सिडनी हवाई अड्डे पर रविवार सुबह एक बहुत बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। यहां उड़ान भरने के लिए आगे बढ़ रहा जेटस्टार एयरवेज का एक विमान रनवे के पास कतर एयरवेज के एक विशालकाय बोइंग विमान से टकराने से बाल-बाल बचा। दोनों विमानों के बीच की दूरी इतनी कम रह गई थी कि दोनों को अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगाने पड़े। इस घटना में जेटस्टार के चालक दल का एक सदस्य घायल हो गया।
रिपोर्ट के अनुसार, रविवार सुबह 7 बजे जेटस्टार की उड़ान जेक्यू402 सिडनी से गोल्ड कोस्ट के लिए टैक्सीवे (रनवे से जुड़ा रास्ता) से रनवे की तरफ बढ़ रही थी।
उसी समय कतर एयरवेज के बोइंग 777 विमान को एक टग (खींचने वाले वाहन) द्वारा उसी रास्ते को पार कराया जा रहा था। दोनों विमानों को एक ही क्रॉसिंग पॉइंट पर टकराता देख पायलटों के होश उड़ गए।
बाद में दोनों विमानों के पायलट ने आपतकालीन ब्रेक लगाकर विमानों को रोका।
अचानक लगे जोरदार ब्रेक के झटके के कारण जेटस्टार की चालक दल की सदस्य (एयर होस्टेस) गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तुरंत मेडिकल इमरजेंसी सहायता दी गई। हालांकि, इस दौरान विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।
ऑस्ट्रेलियाई परिवहन सुरक्षा ब्यूरो ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि कतर एयरवेज के विमान को खींच रहे टग वाहन के ऑपरेटर ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल के निर्देशों का पालन नहीं किया था।
इस इमरजेंसी ब्रेक के कारण कतर एयरवेज के विमान के अगले लैंडिंग गियर और टग के बीच का कनेक्शन टूट गया और विमान को नुकसान पहुंचा है।

Share This Article
Leave a Comment