– हेमन्त अहीर
राँची। जेपीएससी – जेएसएससी भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान के दूसरे चरण के तहत सोमवार को दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जन्मस्थली नेमरा से “भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा” की शुरुआत हुई। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने गुरुजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर आशीर्वाद लिया और सखुआ का पौधा रोपकर भर्ती व्यवस्था में सुधार का संकल्प लिया।
इसके बाद नेमरा से गोला चौक तक पैदल मार्च निकाला गया। देवेंद्र नाथ महतो ने प्रचार वाहन की ड्राइविंग सीट संभालकर यात्रा का नेतृत्व किया। डीवीसी चौक, गोला, चितरपुर, रामगढ़, मांडू और चरही समेत विभिन्न स्थानों पर छात्रों और स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि सरकार को जेपीएससी – जेएसएससी से जुड़े मामलों में न्यायालय के समक्ष छात्रों का पक्ष मजबूती से रखना चाहिए। उन्होंने 45 परीक्षाओं पर की गई कार्रवाई को कायम रखने, अनियमित परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच और भविष्य में पेपर लीक रोकने के लिए ठोस व्यवस्था की मांग की।
उन्होंने कहा कि “भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा” झारखंड के सभी 24 जिलों में जाएगी। कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और प्रतियोगी परीक्षा केंद्रों में छात्रों से संवाद कर भर्ती व्यवस्था में सुधार को लेकर जनजागरण किया जाएगा। यात्रा का समापन राजधानी रांची में व्यापक विरोध के साथ होगा।
मंच के संयोजक राम अवतार महतो ने कहा कि आंदोलन के पहले चरण के बाद अब दूसरे चरण में राज्यव्यापी अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। यात्रा के साथ लीगल टीम भी रहेगी, जो अभ्यर्थियों के न्यायिक संघर्ष को मजबूती देने का काम करेगी।
पहले दिन यात्रा का रात्रि विश्राम हजारीबाग के डेमोटांड़ में होगा। इसके बाद यात्रा चतरा, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह समेत अन्य जिलों की ओर बढ़ेगी।
कार्यक्रम में देवेंद्र नाथ महतो, मनोज यादव, राम अवतार महतो, हुमा हबीबा, पूजा महतो, प्रेम नायक, कुश महतो, खुशबू कुमारी, कमलेश चौधरी, बेबी महतो, राजेश प्रसाद, चंदन रजक, अयूब अली, संतोष चौधरी, भारती कुशवाहा, गुड्डी देवी समेत बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक मौजूद रहे।


