दिलीप कुमार
नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र में विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल 28 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा कर दी है। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल नवंबर और दिसंबर 2026 में समाप्त हो रहा है। चुनाव आयोग के अनुसार, संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
कुल 28 सीटों में बिहार की 8, कर्नाटक की 4, महाराष्ट्र की 5 और उत्तर प्रदेश की 11 सीटें शामिल हैं।
बिहार में चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव होगा। पटना स्नातक से नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार, तिरहुत स्नातक से बंसीधर ब्रजवासी और कोसी स्नातक से डॉ. एनके यादव का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त होगा। इसी तरह पटना शिक्षक से नवल किशोर यादव, दरभंगा शिक्षक से डॉ. मदन मोहन झा, तिरहुत शिक्षक से संजय कुमार सिंह और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के सदस्य का कार्यकाल भी 16 नवंबर को समाप्त होगा।
स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र विधान परिषद के सदस्यों के चुनाव के लिए बनाए गए विशेष निर्वाचन क्षेत्र हैं। इनमें सामान्य मतदाताओं के बजाय निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले स्नातक और पंजीकृत शिक्षक मतदान करते हैं।
कर्नाटक में दो स्नातक और दो शिक्षक सीटों पर चुनाव होगा। कर्नाटक दक्षिण-पूर्व स्नातक से चिदानंद एम. गौड़ा, कर्नाटक पश्चिम स्नातक से एस.वी. संकानुर, कर्नाटक उत्तर-पूर्व शिक्षक से शशिल जी. नमोशी और बेंगलुरु शिक्षक से पुट्टन्ना का कार्यकाल 11 नवंबर को समाप्त हो रहा है।
महाराष्ट्र में तीन स्नातक और दो शिक्षक सीटों पर चुनाव होगा। औरंगाबाद डिवीजन स्नातक से चव्हाण सतीश भानुदासराव, पुणे डिवीजन स्नातक से अरुण गणपति लाड, नागपुर डिवीजन स्नातक से अभिजीत गोविंदराव वंजारी, अमरावती डिवीजन शिक्षक से सरनाईक किरण रामराव और पुणे डिवीजन शिक्षक से जयंत दिनकर आसगावकर का कार्यकाल 6 दिसंबर को समाप्त होगा।
उत्तर प्रदेश में पांच स्नातक और छह शिक्षक सीटों पर चुनाव होगा। लखनऊ डिवीजन स्नातक से इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह, वाराणसी डिवीजन स्नातक से आशुतोष सिन्हा, आगरा डिवीजन स्नातक से डॉ. मानवेन्द्र प्रताप सिंह ‘गुरु जी’, मेरठ डिवीजन स्नातक से दिनेश कुमार गोयल और इलाहाबाद-झांसी डिवीजन स्नातक से डॉ. मान सिंह यादव का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त होगा।
इसी तरह लखनऊ शिक्षक से उमेश द्विवेदी, वाराणसी शिक्षक से लाल बिहारी यादव, आगरा शिक्षक से डॉ. आकाश अग्रवाल, मेरठ शिक्षक से श्रीचंद शर्मा, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक से हरि सिंह ढिल्लो और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक से ध्रुव कुमार त्रिपाठी का कार्यकाल भी 6 दिसंबर को समाप्त होगा।
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर होगी। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे।
मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक संपन्न कर ली जाएगी।


