सोनू कुमार सिंह
सरायकेला/आदित्यपुर : गम्हरिया स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के पास सड़क किनारे मिले अज्ञात शव के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। मृतक की पहचान शांतिनगर निवासी रथु महतो के रूप में की गई है। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा पुलिस ने कुछ ही घंटों में कर दिया है।
इस संबंध में सरायकेला-खरसावां के एसपी मुकेश स्वर्गियारी ने आदित्यपुर थाने में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को केवीके परिसर में शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतक की पत्नी दुखनी महतो के बयान पर आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 287/2026 के तहत BNS की धारा 109/238/3(5) में मामला दर्ज किया गया था।
लूट के लिए की थी साथी की हत्या
जांच के लिए SDPO सरायकेला के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई थी। टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर मामले का पर्दाफाश किया। पूछताछ में सामने आया कि मृतक और आरोपी एक ही कंपनी में काम करते थे। आरोपियों की नजर मृतक को मिले वेतन के पैसों पर थी।
योजना के तहत तीनों ने पहले रथु महतो को शराब पिलाई और फिर कृषि विज्ञान केंद्र के पास ले जाकर मारपीट की। अधमरा होने के बाद उसकी गर्दन में उसी के कपड़े से फंदा कसकर हत्या कर दी गई। इसके बाद उसका मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हो गए थे।
गिरफ्तार आरोपी:
पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, सभी शांतिनगर, हरी मंदिर गली के रहने वाले हैं –
1. शंकर सरदार (30 वर्ष), पिता सोका सरदार, गली नं. 01 2. रवि महतो (32 वर्ष), पिता स्व. फागु महतो, गली नं. 07 3. भीम महतो (35 वर्ष), पिता स्व. वरुण महतो, गली नं. 03
बरामद सामान:
पुलिस ने आरोपियों के पास से मृतक का मोबाइल फोन, हत्या में इस्तेमाल की गई शर्ट और लूटे गए 11 हजार रुपये (500 के 22 नोट) बरामद कर लिए हैं। साथ ही तीनों आरोपियों के मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।
छापेमारी टीम में SDPO अनुभव भारद्वाज, थाना प्रभारी अंजनी कुमार, SI विश्वजीत कुमार तिवारी, SI हिरालाल कुमार, ASI धर्मराज कुमार और टाइगर मोबाइल के जवान नितीश पाण्डेय व राघवेन्द्र कुमार शामिल थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और आगे की जांच जारी है.


