दयालपुर में पुलिस की कार्रवाई, एक जिंदा कारतूस सहित तीन खोखे मिले; आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
रजौन (बांका) : अवैध हथियार और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर रजौन पुलिस ने गुरुवार को दयालपुर गांव में बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सन्नी यादव के बासा पर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। हालांकि, तलाशी के दौरान पुलिस ने वहां से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और तीन खाली खोखे बरामद किए।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दयालपुर निवासी सन्नी यादव के बासा के आसपास अवैध हथियार छिपाकर रखा गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष अभय शंकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए छापेमारी की। लेकिन पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही सन्नी यादव मौके से निकल भागने में सफल रहा।
इसके बाद पुलिस ने उसके बासा और आसपास के स्थानों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस तथा तीन खाली खोखे बरामद हुए। पुलिस ने बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया है।
पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार, सन्नी यादव के खिलाफ पूर्व में भी रजौन थाना में बालू चोरी, अवैध खनन तथा पुलिस टीम पर हमला समेत कई मामले दर्ज हैं। हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
छापेमारी टीम में रजौन थानाध्यक्ष अभय शंकर के अलावा पु०अ०नि० पवन कुमार, पु०अ०नि० विनोद कुमार, पीटीसी प्रभात कुमार, सिपाही संदीप कुमार एवं सिपाही अभिषेक कुमार शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध हथियार रखने वालों के बीच हड़कंप की स्थिति है। पुलिस द्वारा लगातार संदिग्ध ठिकानों पर नजर रखने और सूचना मिलते ही कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।


