ईचागढ़ : ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में विस्थापितों और ग्रामीणों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर पूर्व मंत्री सह आजसू पार्टी के वरिष्ठ नेता रामचंद्र सहिस की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान विस्थापित परिवारों के संघर्ष और ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी समस्याओं पर गहन मंथन किया गया।
इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने बड़ा ऐलान किया कि क्षेत्र के 116 गांवों में घर-घर जाकर सीधे लोगों से संवाद कायम किया जाएगा और उनकी समस्याओं को सूचीबद्ध कर उचित मंचों पर पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विस्थापन का दर्द झेल रहे परिवारों और ग्रामीणों को आज कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, और इन परेशानियों के समाधान के लिए ज़मीनी हक़ीक़त को समझना बेहद ज़रूरी है।
रामचंद्र सहिस ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आजसू पार्टी आंदोलन की उपज है और आंदोलन ही आजसू की पहचान है। उन्होंने जनसमस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन और सरकार के समक्ष ग्रामीणों की आवाज बनने का संकल्प दोहराया। इस दौरान बुनियादी सुविधाओं से लेकर विस्थापन के मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव सत्यनारायण महतो, पार्टी नेता दुर्गा महतो, भूत नाथ महतो, भोला नाथ महतो, शरत चंद्र महतो, दामू गोप, विभूति मंडल, श्रवण मंडल, कार्तिक कालिंदी और अजम्बर सिंह समेत कई प्रमुख कार्यकर्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे।
ईचागढ़ में विस्थापितों और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने की अहम बैठक, 116 गांवों में चलेगा जनसंपर्क अभियान

Leave a Comment Leave a Comment

