जमशेदपुर में दीपावली ट्रेड फेयर का उत्साहपूर्ण समापन, शहरवासियों ने जमकर की खरीदारी

Lok Bimb
3 Min Read

महिला उद्यमिता, स्थानीय उत्पादों और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने की पहल की सराहना

जमशेदपुर: सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से महिला उद्यमिता और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय दीपावली ट्रेड फेयर का उत्साहपूर्ण समापन हो गया। मेले के अंतिम दिन चैंबर के सदस्यों और शहरवासियों ने सपरिवार पहुंचकर विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया तथा दीपावली से संबंधित वस्तुओं की खरीदारी की।

इस आयोजन के दौरान चैंबर ने एक अभिनव पहल करते हुए निःशुल्क एक्यूप्रेशर, नेत्र जांच और दंत चिकित्सा शिविर भी आयोजित किए। मेले में पहुंचे लोगों ने इन स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया।

समापन दिवस पर इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष ज्योति भगत, हिन्दपीठ के अध्यक्ष अरुण सिंह, समाजसेवी मंजू सिंह, प्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक डॉ. विवेक केडिया, दंत चिकित्सक डॉ. स्वाति पटवारी और एक्यूप्रेशर विशेषज्ञ डॉ. विकास साहू ने विभिन्न स्टॉलधारकों का उत्साहवर्धन किया और चैंबर की पहल की सराहना की।

महिला उद्यमियों और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा

चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि दीपावली ट्रेड फेयर का उद्देश्य केवल खरीदारी के लिए मंच उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करना और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि शहरवासियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी इस प्रयास की सफलता का प्रमाण है।

उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने कहा कि चैंबर ने व्यापारिक गतिविधियों के साथ सामाजिक सरोकारों को जोड़ते हुए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया। इससे मेले को एक नया आयाम मिला और लोगों को खरीदारी के साथ स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ भी प्राप्त हुआ।

महासचिव पुनीत कांवटिया ने कहा कि शहरवासियों और चैंबर सदस्यों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को सफल बनाया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने के साथ समाज में उद्यमिता और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करते हैं।

सचिव भारत मकानी ने सभी स्टॉलधारकों, आगंतुकों, सहयोगियों और आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से दीपावली ट्रेड फेयर एक यादगार आयोजन के रूप में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की समन्वयक सुमन नागेलिया ने भी सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

चैंबर का यह आयोजन महिला उद्यमिता, स्थानीय उत्पादों, व्यापारिक प्रोत्साहन और सामाजिक सरोकारों के समन्वय का एक सार्थक उदाहरण बना।

इस अवसर पर चैंबर के उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल और अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव विनोद शर्मा और अंशुल रिंगसिया, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया तथा मनोज गोयल, पवन शर्मा, पीयूष गोयल, प्रीतम जैन, दिलीप कांवटिया, ललित डांगा, गगन रस्तोगी, पंकज छाबड़ा और राजेश लोधा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment