दिलीप कुमार
नई दिल्ली। पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी से इस्तीफा देने वाले तीन विधायक सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। तीनों विधायकों ने दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों में अमृतसर उत्तर से विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह, हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौरामाजरा शामिल हैं। तीनों ने आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है।
कुंवर विजय प्रताप सिंह ने सोमवार को पार्टी छोड़ने की घोषणा की, जबकि हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौरामाजरा ने रविवार को ही इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया था। इसके बाद सोमवार को तीनों विधायक एक साथ भाजपा मुख्यालय पहुंचे और पार्टी की सदस्यता स्वीकार कर ली।
तीनों विधायकों ने आम आदमी पार्टी छोड़ने के पीछे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की कार्यशैली से नाराजगी को प्रमुख कारण बताया है। उनका आरोप है कि पंजाब में सरकार और पार्टी के कामकाज में कई गंभीर समस्याएं हैं।
पार्टी छोड़ने के बाद कुंवर विजय प्रताप सिंह ने पंजाब की मौजूदा स्थिति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राज्य नशे और भ्रष्टाचार की समस्या से जूझ रहा है। उल्लेखनीय है कि जून 2025 में आम आदमी पार्टी ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पांच साल के लिए निलंबित कर दिया था। अब उन्होंने विधायक पद और पार्टी की सदस्यता छोड़ने का फैसला किया है।
वहीं, हरमीत सिंह पठानमाजरा पिछले कुछ समय से पंजाब सरकार की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठा रहे थे। वह कई मौकों पर सरकार की नीतियों और कामकाज की आलोचना कर चुके थे। इस बीच, एक महिला की शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी के आरोपों में मामला भी दर्ज किया गया था।
यह घटनाक्रम वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले सामने आया है। आम आदमी पार्टी ने हाल ही में 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है, जिसके बाद कई मौजूदा विधायकों के राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। ऐसे में तीन विधायकों का पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होना पंजाब की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि वर्ष 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य की कुल 117 विधानसभा सीटों में से 92 पर जीत हासिल की थी और सरकार बनाई थी। अब तीन विधायकों के पार्टी छोड़ने से आगामी विधानसभा चुनाव से पहले AAP के सामने नई राजनीतिक चुनौती खड़ी हो गई है।


