माह अक्टूबर, 2026 में चेन पुलिंग करने वाले 1014 लोग लिए गए हिरासत में

Lok Bimb
2 Min Read

हाजीपुर : पूर्व मध्य रेल द्वारा बिना पर्याप्त कारण अवैध रूप से चेन पुलिंग करके रेल गाड़ियों को जहां-तहां रोकने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जाती रही है । इसी क्रम पूर्व मध्य रेल के सुरक्षा बलों द्वारा ऑपरेशन ‘‘समय पालन‘‘ के तहत् ऐसे लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि ट्रेनें अनावश्यक रूप से विलंब ना  हो ।
   
ऑपरेशन ‘‘समय पालन‘‘ के तहत  01.10.2026 से 31.10.2026 तक रेलवे सुरक्षा बल की टीम द्वारा पूर्व मध्य रेल के विभिन्न रेलखंडों में बिना उचित कारण के चेन पुलिंग करने के आरोप में 1014 लोगों को हिरासत में लिया गया तथा इनसे जुर्माने के रूप में 04 लाख 39 हजार रुपये वसूल किये गए । इन लोगों के विरूद्ध रेल अधिनियम की धारा 141 के तहत कार्रवाई की गई । ऑपरेशन ‘‘समय पालन‘‘ के तहत् इस दौरान सर्वाधिक 515 लोग दानापुर मंडल में पकड़े गये जबकि समस्तीपुर मंडल में 180, पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 136, सोनपुर मंडल में 116 तथा धनबाद मंडल में 67 लोगों को हिरासत में लिया गया ।
 
इसी तरह महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर ऑपरेशन ‘‘महिला सुरक्षा‘‘ के तहत महिला कोच में यात्रा करने वाले पुरुष यात्रियों के खिलाफ भी धर-पकड़ अभियान चलाया गया । ऑपरेशन ‘‘महिला सुरक्षा‘‘ के तहत  01.10.2026 से 31.10.2026 तक रेलवे सुरक्षा बल की टीम द्वारा पूर्व मध्य रेल के विभिन्न रेलखंडों पर महिला कोच में यात्रा करने के आरोप में रेल अधिनियम की धारा 162 के तहत 25 पुरुष यात्रियों को हिरासत में लिया गया तथा इनसे जुर्माने के रूप में 23 हजार रुपये वसूल किये गए ।

Share This Article
Leave a Comment