छठ घाटों पर 12 नवंबर तक पूरी होंगी तैयारियां, सुरक्षा में तैनात रहेंगी एनडीआरएफ की नौ टीमें

Lok Bimb
2 Min Read

प्रमंडलीय आयुक्त ने की समीक्षा, खतरनाक घाटों की होगी घेराबंदी; नहाय-खाय से लागू होगी यातायात व्यवस्था

गोपाल विद्यार्थी 

पटना :
छठ महापर्व को लेकर पटना में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने सोमवार को संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को 12 नवंबर तक हर हाल में तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। आयुक्त ने नगर निगम को घाटों की साफ-सफाई, पहुंच पथों की मरम्मत, रोशनी, सजावट एवं पेयजल सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने को कहा। घाटों पर शौचालय, चापाकल, वाटर टैंकर और वाटर एटीएम की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। यातायात व्यवस्था को लेकर उन्होंने नहाय-खाय से ही ट्रैफिक प्लान लागू करने तथा खरना से विशेष यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। वाहनों की पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन करने का भी निर्देश दिया। खतरनाक घाटों को लाल कपड़े से घेरकर स्पष्ट रूप से चिह्नित किया जाएगा, ताकि श्रद्धालु जोखिम वाले स्थानों पर नहीं पहुंचें। कृत्रिम घाटों पर भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा यात्री शेड, वॉच टावर और नियंत्रण कक्ष का निर्माण समय पर पूरा करने को कहा गया। सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ की नौ टीमें दानापुर से कंगन घाट तक विभिन्न घाटों पर तैनात रहेंगी। एसडीआरएफ को भी घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा ढीले तारों और खुले कनेक्शनों को दुरुस्त करने को कहा गया। वहीं, जल संसाधन विभाग को नदी के जलस्तर की नियमित निगरानी कर अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने और आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय करने का निर्देश दिया गया। आयुक्त ने कहा कि छठ बिहार की आस्था, परंपरा और संस्कृति का महापर्व है। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करें।बैठक में डीडीसी शुभम कुमार सहित सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment