पेंशन स्वीकृति से लेकर ट्रैक्टर, मोटर पंप और कृषि सामग्री का हुआ वितरण, ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने पर दिया गया जोर
फातेह आलम तालझारी
तालझारी : तालझारी प्रखंड में विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा, कृषि, पशुपालन, ग्रामीण विकास एवं आजीविका मिशन से जुड़ी योजनाओं के लाभुकों को स्वीकृति पत्र, कृषि उपकरण, बीज एवं अन्य परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सुरक्षा कोषांग की ओर से छह लाभुकों को पेंशन की स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं आत्मनिर्भरता योजना के तहत दलहन फसल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसानों के बीच उन्नत किस्म के मसूर बीज का वितरण किया गया। प्रत्येक किसान को आठ किलोग्राम बीज शत-प्रतिशत निःशुल्क दिया गया। जिला कृषि एवं पशुपालन विभाग, साहिबगंज की ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत सोनोट बाहा आजीविका सखी मंडल, भतभंगा संथाली को ट्रैक्टर प्रदान किया गया। वहीं कृषि यांत्रिकीकरण वितरण योजना के तहत बड़ा गोडाईढाब निवासी राजेश हेम्ब्रम को विद्युत चालित मोटर पंप सेट दिया गया। पौधा संरक्षण केंद्र तालझारी की ओर से फसल सुरक्षा कार्यक्रम के तहत पांच किसानों के बीच कीटनाशक दवाओं का वितरण किया गया।
इसी क्रम में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के तहत सामुदायिक निवेश निधि से कुल एक करोड़ 47 लाख रुपये का डेमो चेक वितरित किया गया। VB-GRAMG योजना के तहत नौ लाभुकों को वर्मी कंपोस्ट, तालाब निर्माण, गाय शेड एवं कुक्कुट शेड निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण (PMAY-G) के तहत नौ लाभुकों को बधाई-पत्र दिया गया। इसके अलावा धोती-साड़ी वितरण योजना के तहत छह लाभुकों के बीच धोती-साड़ी का वितरण किया गया। कार्यक्रम में संसद प्रतिनिधि संजीव साहू हेम्ब्रम, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष जोसेफ हेम्ब्रम एवं चरण हांसदा, पूर्व प्रखंड सचिव मुहम्मद जहांगीर अंसारी एवं हामिद अंसारी, प्रधान प्रतिनिधि चंदराय टुड्ड, समाजसेवी मनोज बेसरा एवं लुथूर हेम्ब्रम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मौके पर तालझारी प्रखंड चिकित्सा विभाग के प्रतिनिधि, अंचलाधिकारी राम सुमन प्रसाद तथा प्रखंड कार्यालय के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा किसानों एवं स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।


