रफीगंज (औरंगाबाद) : रफीगंज थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में बुधवार को बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से नौ वर्षीय बालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी विनोद पासवान के पुत्र हिमांशु कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के परिजन गुड्डू कुमार और विक्की कुमार ने बताया कि गांव में बालू लदे ट्रैक्टर को पीछे किया जा रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर का पिछला पहिया बालक के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजन आनन-फानन में उसे रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. संजय कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने ट्रैक्टर व चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसआई पप्पू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
बताया जाता है कि हिमांशु दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता विनोद पासवान बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां गुड़िया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। ट्रैक्टर और उसका चालक चौबड़ा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, ट्रैक्टर पर तेज आवाज में गाना बज रहा था। ग्रामीणों के चिल्लाने के बावजूद चालक आवाज नहीं सुन पाया और इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से वाहनों पर तेज आवाज में डीजे या साउंड बजाने पर रोक लगाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
घटना की सूचना पर प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार अश्विनी, अंचलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और थानाध्यक्ष शंभू कुमार अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने शोकाकुल परिजनों को समझाया और सांत्वना दी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद भेज दिया गया।


