अशोका पब्लिक स्कूल, जमुई में तीन दिवसीय शिक्षक सशक्तिकरण प्रशिक्षण सम्पन्न
गोपाल विद्यार्थी
जमुई : अशोका पब्लिक स्कूल, जमुई में स्किल इंडिया के सौजन्य से बीते 10 अक्टूबर से चल रहे तीन दिवसीय शिक्षक सशक्तिकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण में दिल्ली की प्रख्यात शिक्षाविद मोनिका कपूर ने शिक्षकों का ज्ञानवर्धन किया। सीबीएसई की पूर्व संयुक्त निदेशक रही मोनिका कपूर वर्तमान में स्किल शेयर इंडिया की संस्थापक एवं सीईओ हैं। योग्यता-आधारित मूल्यांकन, शिक्षक क्षमता निर्माण एवं कौशल विकास के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त है। विद्यालय के चेयरमैनअशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम m n प्राचार्य डॉ. राजीव रंजन, सीनियर एकेडमिक कोऑर्डिनेटर आराधना त्रिपाठी, एचआर दिव्या परमार तथा एडमिनिस्ट्रेटर हेमंत भार्गव समेत सभी शिक्षक शिक्षिकाएं मौजूद रहे । प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को अनुभवात्मक अधिगम, कोल्ब चक्र, बुद्धिमत्ता, आत्म-चिंतन, माइंड मैपिंग, क्रिटिकल थिंकिंग, स्कैम्पर तकनीक एवं क्रिएटिव प्रोसेस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराना तथा कक्षा-कक्ष में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था। प्रशिक्षण के पहले दिन डांस के माध्यम से टीमवर्क की भावना विकसित की गई। दूसरे दिन, कागज की आकृतियों एवं क्रिएटिव पेंटिंग के जरिए धैर्य, रचनात्मकता और सहयोग की महत्ता समझाई गई। वहीं, तीसरे दिन टॉपिक डेमॉन्स्ट्रेशन, प्रोजेक्ट-बेस्ड लर्निंग, फ्लिप्ड क्लासरूम, थिंक-पेयर-शेयर तथा इंक्वायरी-बेस्ड लर्निंग जैसी आधुनिक शिक्षण तकनीकों का जीवंत प्रदर्शन किया गया।
पूरे प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने शिक्षण कौशल को अधिक प्रभावी, रचनात्मक एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के नए तरीके सीखे। मौके पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजीव रंजन ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र के निर्माता होते हैं। एक योग्य, संवेदनशील एवं समर्पित शिक्षक ही विद्यार्थियों के भविष्य को सही दिशा प्रदान कर सकता है। वहीं, विद्यालय के चेयरमैन अशोक कुमार सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारकर उन्हें सफल एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना अशोका पब्लिक स्कूल का मुख्य ध्येय है। उन्होंने शिक्षकों के निरंतर क्षमता-विकास के लिए समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। श्री सिंह ने कहा कि अशोका पब्लिक स्कूल, जमुई का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी आधुनिक, संस्कारयुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराकर उनके भविष्य को उज्ज्वल बनाना है।


