-कोलकाता से मुंगेर आ रहे कंटेनर को अंबेडकर चौक पर पुलिस ने पकड़ा, चालक गिरफ्तार।
संग्रामपुर (मुंगेर) : संग्रामपुर पुलिस ने बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की। शराब कंटेनर के केबिन में छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने 14 पेटियों में कुल 119.25 लीटर शराब जब्त की है। मामले में कंटेनर चालक रामप्रवेश चौधरी को गिरफ्तार किया गया है। वह संग्रामपुर थाना क्षेत्र के जनकपुर का निवासी बताया गया है। पुलिस ने शराब के साथ कंटेनर को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, कंटेनर संख्या NL 02Q 1033 संग्रामपुर की ओर से गुजर रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कंटेनर के जरिए विदेशी शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद सब इंस्पेक्टर धनंजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंबेडकर चौक पर वाहन जांच अभियान शुरू किया। संदेह के आधार पर कंटेनर को रोककर उसे थाना परिसर के समीप लाया गया, जहां गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कंटेनर के केबिन से विभिन्न ब्रांड की शराब की 14 पेटियां बरामद हुईं।
•कोलकाता से आईटीसी मुंगेर के लिए ले जा रहा था कच्चा माल।
जांच के दौरान कंटेनर में आईटीसी मुंगेर के लिए ले जाया जा रहा कच्चा माल भी मिला। पूछताछ में चालक रामप्रवेश चौधरी ने पुलिस को बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से आईटीसी का कच्चा माल ढोने का काम कर रहा है। उसके अनुसार, कंटेनर का मालिक पटना का रहने वाला है।
चालक ने पुलिस को बताया कि कोलकाता से कच्चा माल लोड करने के बाद उसने वहीं विभिन्न ब्रांड की शराब की पेटियां खरीदीं और उन्हें कंटेनर के केबिन में छिपाकर रख लिया। शराब की डिलीवरी मुंगेर में कहीं की जानी थी। हालांकि, शराब की खरीद, परिवहन और प्रस्तावित डिलीवरी से संबंधित चालक के दावों की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
•विभिन्न ब्रांड की शराब जब्त।
पुलिस की तलाशी में रॉयल स्टैग की 750 एमएल की 39 बोतलें, बकार्डी लेमन की 24 बोतलें, ब्लेंडर्स प्राइड की 24 बोतलें, ओल्ड मोंक की 36 बोतलें तथा मिंटी जामुन और स्नोशॉकी वोडका की 12-12 बोतलें बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार, बरामद सभी बोतलों की क्षमता 750 एमएल है।
•अवैध शराब के खिलाफ जारी है कार्रवाई।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार झा ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सूचना तंत्र को सक्रिय रख रही है। इसी क्रम में मिली गुप्त सूचना के आधार पर कंटेनर की जांच की गई, जिसमें शराब की खेप बरामद हुई। उन्होंने बताया कि कंटेनर को जब्त कर लिया गया है और गिरफ्तार चालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले में शराब की खरीद, परिवहन और संभावित आपूर्ति से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
कंटेनर के केबिन में छिपाकर ले जा रहे थे शराब की खेप, 14 पेटियों में 119.25 लीटर बरामद

Leave a Comment Leave a Comment

