मंत्री की अध्यक्षता में दोनों संघों के प्रतिनिधियों के साथ हुई उच्चस्तरीय वार्ता, मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का दिया गया आश्वासन
गोपाल विद्यार्थी
पटना : राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने राज्यव्यापी सामूहिक अवकाश पर गए राजस्व कर्मचारियों और अमीनों से तीन दिनों के भीतर अपने-अपने कार्यस्थल पर उपस्थित होकर काम पर लौटने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि लोकहित और जनसेवा को सर्वोपरि रखते हुए सभी संबंधित कर्मियों को प्रेस विज्ञप्ति जारी होने की तिथि से तीन दिनों के भीतर योगदान देना सुनिश्चित करना होगा। राजस्व कर्मचारियों और अमीनों की विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को विभागीय मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा एवं वार्ता हुई। इस दौरान बिहार राजस्व कर्मचारी संघ और बिहार अमीन संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों को विस्तारपूर्वक रखा और मांग पत्र भी सौंपा। मंत्री ने संघों की मांगों पर गंभीरता, संवेदनशीलता और सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए नियमानुसार उचित कार्रवाई का स्पष्ट आश्वासन दिया। इसके बाद विभाग ने सामूहिक अवकाश पर गए सभी संबंधित राजस्व कर्मचारियों और अमीनों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पर वापस लौटने की अपील की है। विभाग के अवर सचिव निरंजन यादव की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जनहित और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए कर्मी अपने-अपने कार्यस्थल पर उपस्थित होकर योगदान दें।


