# महोत्सव का 40वां संस्करण 16 अक्टूबर तक चलेगा, स्टूडेंट्स की प्रतियोगिताओं के साथ नशे के खिलाफ जागरूकता पर भी फोकस
नई दिल्ली । आर्य समाज वसंत विहार और सूरज भान डीएवी पब्लिक स्कूल, वसंत विहार की ओर से आयोजित तीन दिवसीय इंटर-स्कूल फेस्टिवल आनंदोत्सव ’26 का बुधवार को आगाज हुआ। इसमें दिल्ली के 79 स्कूलों के 2,500 स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया। महोत्सव का यह 40वां संस्करण आर्य समाज वसंत विहार के संस्थापक महात्मा आनंद स्वामी सरस्वती की 143वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव के पहले दिन आर्य युवा समाज के नेशनल प्रेसिडेंट और मिलाप पब्लिकेशंस के मैनेजिंग एडिटर योगी सूरी के नेतृत्व में ‘नो नशा नेशन’ अभियान लॉन्च किया गया। इस यूथ अवेयरनेस कैंपेन का उद्देश्य नशीले पदार्थों के सेवन और उनके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसके जरिए युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के लॉन्च के दौरान वीडियो प्रेजेंटेशन दिखाई गई, कैंपेन स्क्रॉल का अनावरण किया गया और स्टूडेंट्स को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही मिस्ड कॉल कैंपेन भी शुरू किया गया। विद्यार्थियों ने ‘चैंपियंस विदआउट एडिक्शन’ थीम पर डांस परफॉर्मेंस दी और नशे के दुष्प्रभावों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और अपने साथियों के बीच जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया। योगी सूरी ने कहा, “नो नशा नेशन के जरिए हम चाहते हैं कि युवा नशे के खिलाफ खड़े हों और नशामुक्त भारत का संदेश अपने स्कूलों, परिवारों और समाज तक पहुंचाएं। आनंदोत्सव युवाओं की भागीदारी को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का अवसर देता है। आनंदोत्सव ’26 का आयोजन 16 अक्टूबर तक जारी रहेगा। इस दौरान इंटर-स्कूल कॉम्पिटिशन और कल्चरल प्रोग्राम के साथ एनवायरनमेंटल रिस्पॉन्सिबिलिटी और महात्मा आनंद स्वामी सरस्वती की विरासत से जुड़े विषयों पर भी फोकस रहेगा।


