झारखंडवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना, जय माता दी के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर
फातेह आलम तालझारी
साहिबगंज : शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी के पावन अवसर पर जिले के मिर्जाचौकी स्थित प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने मंदिर पहुंचकर विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और आरती उतारी। सिर पर गुलाबी पगड़ी और सफेद कुर्ता पहने पंकज मिश्रा ने हाथों में आरती की थाली लेकर मां दुर्गा की स्तुति की। उन्होंने मां से समस्त झारखंडवासियों के सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। महाअष्टमी को लेकर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। पुजारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन संपन्न कराया। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे भक्तों के जय माता दी के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर झामुमो के जिला अध्यक्ष अरुण सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान, भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री बजरंगी यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मिर्जाचौकी दुर्गा मंदिर में महाअष्टमी पर भव्य पूजा-अर्चना, पंकज मिश्रा ने उतारी मां दुर्गा की आरती

Leave a Comment Leave a Comment

