श्रीराम फाइनेंस कंपनी द्वारा सड़क स्लोपिंग कार्य में अनियमितता, बीडीओ ने मौके पर पहुँच रुकवाया काम

Lok Bimb
3 Min Read

फातेह आलम तालझारी

तालझारी : तालझारी-महाराजपुर-शर्मापुर फोरलेन सड़क के निर्माण में बरती जा रही लापरवाही पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार को ग्रामीणों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सीओ सह बीडीओ राम सुमन प्रसाद ने दूधकोल गांव के समीप चल रहे स्लोपिंग कार्य का निरीक्षण किया और गलत तरीके से हो रहे काम को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीराम फाइनेंस कंपनी द्वारा सड़क के दोनों किनारों पर जेसीबी के माध्यम से स्लोपिंग का कार्य किया जा रहा था। आरोप है कि कंपनी के कर्मियों द्वारा सड़क से सटी मिट्टी को ही काटकर जैसे-तैसे खानापूर्ति की जा रही थी, जिससे भविष्य में सड़क धंसने या दुर्घटना होने का खतरा बढ़ सकता है।
इस मनमानी को देख विशनपुर गांव के निवासी सह झारखंड मुक्ति मोर्चा के पंचायत सचिव मोहम्मद जमशेद अंसारी उर्फ मोहम्मद मंटू ने मौके पर पहुंचकर आपत्ति जताई। उन्होंने कर्मियों से कार्य को मानक के अनुरूप सही तरीके से करने का आग्रह किया। हालांकि, वहां मौजूद कंपनी के कर्मियों ने अपनी वर्चस्व दिखाते हुए उनकी बातों को अनसुना कर दिया और मनमाने ढंग से कार्य जारी रखा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जमशेद अंसारी ने इसकी सूचना बीडीओ सह सीओ राम सुमन प्रसाद को दी। सूचना मिलते ही बीडीओ मौके पर पहुँचे और कार्य का जायजा लिया। उन्होंने पाया कि स्लोपिंग का तरीका तकनीकी रूप से गलत है। बीडीओ राम सुमन प्रसाद ने कहा जिस तरह से स्लोपिंग का कार्य किया जा रहा है, वह पूरी तरह गलत है। फिलहाल काम को बंद करा दिया गया है। संबंधित जेई और कंपनी के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे आकर बात करें और कार्य को सही मानक के अनुसार ही शुरू करें।”
बीडीओ ने सख्त लहजे में कंपनी को हिदायत दी है कि यदि दोबारा मनमाने तरीके से या गलत प्रक्रिया से काम होता पाया गया, तो कंपनी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद से इलाके के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और प्रशासन के इस कदम की सराहना की है।

Share This Article
Leave a Comment