फातेह आलम तालझारी
तीनपहाड़ : तीनपहाड़ बाजार स्थित सब्जी मंडी में सोमवार की अहले सुबह आग का तांडव देखने को मिला। करीब 3:30 बजे लगी इस भीषण आग ने देखते ही देखते पूरी मंडी को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में लगभग एक दर्जन दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गई हैं, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार तड़के जब पूरा इलाका सो रहा था, तभी अचानक सब्जी मंडी से आग की लपटें उठने लगीं। आग इतनी भयावह थी कि स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए अपने घरों से पानी लाकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि उन पर काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलते ही तीनपहाड़ थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को सूचित किया।
दमकल की दो गाड़ियों ने पाया काबू
भीषण आग को देखते हुए दमकल की दो गाड़ियों को तैनात किया गया। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई गई, तब तक करीब 12 दुकानें पूरी तरह स्वाहा हो चुकी थीं। समाचार लिखे जाने तक कूलिंग का काम जारी रहा।
इस अग्निकांड ने कई छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी छीन ली है। प्रभावित दुकानदारों का कहना है कि उनकी जमा-पूंजी और सारा सामान जल गया है। हमारी आँखों के सामने हमारी जीविका जलकर राख हो गई, अब परिवार का पालन-पोषण कैसे होगा, यह समझ नहीं आ रहा। एक पीड़ित दुकानदार 11 साल बाद फिर दोहराई गई त्रासदी हैरानी की बात यह है कि तीनपहाड़ की इसी सब्जी मंडी में सितंबर 2015 में भी आधी रात को ऐसी ही भीषण आग लगी थी। उस वक्त भी पूरी मंडी जल गई थी। ठीक 11 साल बाद (घटना चक्र के अनुसार) फिर से उसी स्थान पर ऐसी त्रासदी होने से स्थानीय लोग और व्यापारी दहशत में हैं। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहे हैं और मामले की जांच की जा रही है कि यह शॉर्ट सर्किट था या किसी अन्य कारण से आग लगी।


