युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होगा बर्दाश्त  JPSC–JSSC मुद्दे पर एबीवीपी का हस्ताक्षर अभियान

Lok Bimb
4 Min Read

फातेह आलम तालझारी

साहिबगंज : JPSC एवं JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की साहिबगंज नगर इकाई ने शनिवार को साहिबगंज महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर हस्ताक्षर अभियान चलाया। अभियान में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और प्रतियोगी अभ्यर्थियों ने भाग लेकर राज्य सरकार के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने हस्ताक्षर कर यह संदेश दिया कि वे अपने भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं करेंगे तथा भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग पर एकजुट हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर मंत्री चंदन कुमार गुप्ता ने की, जबकि प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक इंद्रोजीत साह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर चंदन कुमार गुप्ता ने कहा कि झारखंड के लाखों युवा वर्षों की मेहनत और तैयारी के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं, लेकिन लगातार सामने आ रही कथित अनियमितताओं ने युवाओं के विश्वास को गहरा आघात पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगी और जब तक दोषियों पर कठोर कार्रवाई तथा भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी नहीं बनाया जाता, तब तक परिषद का आंदोलन जारी रहेगा। प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक इंद्रोजीत साह ने कहा कि JPSC एवं JSSC भर्ती प्रक्रिया से जुड़े आरोप केवल परीक्षा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह लाखों युवाओं के भविष्य और उनके सपनों से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने राज्य सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों को कठोर दंड दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों के अधिकारों की आवाज़ बनकर संघर्ष करती रही है और आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगी।
इस दौरान एबीवीपी ने राज्य सरकार के समक्ष अपनी सात प्रमुख मांगें भी रखीं। परिषद ने JPSC एवं JSSC परीक्षाओं को रद्द कर पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर दोषियों को शीघ्र सजा दिलाने, भर्ती प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं एजेंसियों की निष्पक्ष जांच कराने, प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने, भविष्य में पारदर्शी एवं डिजिटल ऑडिट योग्य परीक्षा प्रणाली लागू करने तथा नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। इसके साथ ही उच्च शिक्षा में स्थानीय छात्रों से जुड़े तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों को समाप्त नहीं करने की भी मांग दोहराई गई। कार्यक्रम में विभाग संगठन मंत्री बादल कुमार, जिला कार्यालय मंत्री अंकुश कुमार, अविनाश कुमार, आदित्य कुमार, मनीष कुमार, समीर, नीरज यादव, शिवम गुप्ता, सुमन कुमार, निधि सिंह, लक्ष्मी कुमारी, दीपिका कुमारी, पायल कुमारी, मौसमी कुमारी, रिया, प्रिया, खुशी, अंकिता सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। अभियान के समापन पर एबीवीपी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द ही इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो पूरे राज्य में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment