फातेह आलम तालझारी
तालझारी : कालाजार तकनीकी सुपरवाइजर अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (एमपीडब्ल्यू) की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कालाजार एवं वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान इस माह किए गए रक्त संग्रह (ब्लड सैंपल कलेक्शन) तथा आरडीटी (RDT) किट से की गई जांच की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित जनजागरूकता बैठकों एवं विद्यालयों में आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों की संख्या और उनकी उपलब्धियों का भी आकलन किया गया। इस अवसर पर कालाजार नियंत्रण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा क्षेत्र में सतत निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया गया। बैठक में उपस्थित सभी स्वास्थ्य कर्मियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने एवं लोगों को कालाजार सहित अन्य बुखार जनित बीमारियों के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया। बैठक में पिरामल फाउंडेशन से श्रीकांत पंडित, एमपीडब्ल्यू विनय कुमार, सुधांशु भगत, मोहम्मद जफर सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 1 अगस्त 2026 से 10 अगस्त 2026 तक सभी गांवों में साहिया एवं एमपीडब्ल्यू संयुक्त रूप से घर-घर जाकर बुखार से पीड़ित लोगों की खोज, जांच एवं आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श का अभियान चलाएंगे, ताकि संभावित कालाजार एवं अन्य बुखार संबंधी रोगियों की समय पर पहचान कर उचित उपचार सुनिश्चित किया जा सके।


