मोहिउद्दीन मंसूरी कोटालपोखर
बरहरवा : प्रखंड कल्याण विभाग की ओर से गुरुवार को बरहरवा क्लस्टर प्वाइंट पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी नवीन कुमार एवं संबंधित विद्यालयों के प्रभारी प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे। वितरण के दौरान मध्य विद्यालय बिशनपुर के 53, मध्य विद्यालय कोटालपोखर के 93, उत्क्रमित उच्च विद्यालय बटाईल के 77 तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय मिर्जापुर उर्दू के 60 छात्र-छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं। इस प्रकार कुल 283 लाभुकों को योजना के तहत साइकिल उपलब्ध कराई गई। प्रखंड कल्याण पदाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि सरकार की इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करना तथा शिक्षा के प्रति उन्हें प्रोत्साहित करना है। उन्होंने छात्रों से नियमित रूप से विद्यालय आने और साइकिल का सुरक्षित उपयोग करने की अपील की। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।


