फातेह आलम तालझारी
साहिबगंज : झारखंड की राजधानी रांची स्थित ताना भगत इंडोर स्टेडियम में शुक्रवार को 77वें राज्यव्यापी वन महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री Hemant Soren ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वन महोत्सव केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी और संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभाव पूरी दुनिया के सामने गंभीर चुनौती बनकर उभरे हैं। ऐसे समय में विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से महुआ, कटहल, जामुन, करंज सहित स्थानीय एवं फलदार पौधों का अधिक से अधिक रोपण कर उनकी देखभाल करने की अपील की। इस अवसर पर वन संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्य के विभिन्न वनकर्मियों को सम्मानित किया गया। साहिबगंज वन प्रमंडल के लिए यह गर्व का क्षण रहा, जब राजीव रंजन प्रसाद को लघु वन उत्पाद के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए तथा लक्ष्मण मुर्मू को जीवाश्म (फॉसील) संरक्षण एवं जन-जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्यस्तरीय सम्मान से नवाजा गया। समारोह में राज्यभर से वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। वन महोत्सव के माध्यम से राज्य में हरित आवरण बढ़ाने, जैव विविधता के संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को और अधिक सशक्त बनाने का संदेश दिया गया। साहिबगंज वन प्रमंडल के दो अधिकारियों को मिले इस सम्मान से जिले के वन विभाग में खुशी का माहौल है। इसे पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।


