सोनू कुमार सिंह
सरायकेला/गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित दुर्गापूजा मैदान में झारखंड आंदोलन के महानायक एवं वीर शहीद निर्मल महतो जी के शहादत दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर कालीपद सोरेन (के.पी. सोरेन) अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और शहीद निर्मल महतो के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान प्रो. कालीपद सोरेन ने कहा कि शहीद निर्मल महतो झारखंड की अस्मिता, अधिकार, जल-जंगल-जमीन और स्वाभिमान की लड़ाई के महान योद्धा थे। उन्होंने झारखंड के लोगों के अधिकार और सम्मान के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया। उनका संघर्ष और बलिदान झारखंड की आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा।

उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो का सपना केवल एक अलग राज्य का निर्माण नहीं था, बल्कि झारखंड के लोगों को उनका अधिकार, सम्मान और बेहतर भविष्य दिलाना भी उनके संघर्ष का महत्वपूर्ण उद्देश्य था। आज जरूरत है कि हम उनके विचारों और संघर्ष के रास्ते पर चलकर झारखंड के विकास तथा यहां के लोगों के हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करें।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित झामुमो कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने “झारखंड मुक्ति मोर्चा जिंदाबाद”, “वीर शहीद निर्मल महतो अमर रहें” तथा “वीर शिबू सोरेन अमर रहें” के जोरदार नारे लगाए। पूरा वातावरण शहीद निर्मल महतो के जयघोष और श्रद्धांजलि के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में सुकलाल महतो, मृत्त्युंजय महतो, गौतम मंडल, रोहन सिंह सरदार, करण, सूरज सहित बड़ी संख्या में समर्थक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
सभी ने शहीद निर्मल महतो के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया तथा झारखंड की पहचान, अधिकार, स्वाभिमान और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।


