सोनू कुमार सिंह
सरायकेला/आदित्यपुर/गम्हरिया
सरायकेला। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गम्हरिया थाना क्षेत्र के जामजोड़ा और आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सपड़ा में छापेमारी की। इस दौरान टीम ने भारी मात्रा में 37 000 किलोग्राम जावा महुआ, 500 लीटर देसी महुआ शराब तथा शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री बरामद की। उक्त जानकारी सरायकेला खरसावां के उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिज ने शनिवार को सरायकेला में संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर दी ।
उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान अवैध शराब कारोबार में संलिप्त तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, मौके से एक स्कूटी भी बरामद की गई है। बरामद जावा महुआ, देसी शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
उत्पाद विभाग के नया एसआई सोनू कुमार ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी अभियान में अवर निरीक्षक महेंद्र रविदास, सौदागर पंडित समेत उत्पाद विभाग के अन्य पदाधिकारी और होमगार्ड के जवान शामिल थे। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।


