अपनी पहचान, संस्कृति की रक्षा के लिए आदिवासी को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा: बाबूलाल महली
मुजफ्फर हुसैन, संवाददाता
राँची। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार 9 अगस्त 2026 को आदिवासी 22 पड़हा सरना समिति, सदमा–ओरमांझी–कांके क्षेत्र के अध्यक्ष बाबूलाल महली के नेतृत्व में भव्य बाइक रैली निकाली गयी। रैली का शुभारंभ ओरमांझी प्रखंड के बिरसा मुंडा चौक, सदमा से हुआ। रैली में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। सरना ध्वज के साथ निकली बाइक रैली सदमा से कुच्चु, चंदवे, मदरा मुंडा चौक पतरातू, चोवली, कुम्हरिया, बुंडू, मयापुर और मधुकमा होते हुए पुनः सदमा पहुंची। इस दौरान रैली में शामिल लोगों ने आदिवासी समाज की एकता, भाईचारे, संस्कृति और परंपरा को मजबूत करने का संदेश दिया। रैली के सदमा पहुंचने के बाद भगवान बिरसा मुंडा की पूजा-अर्चना कर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इसके बाद प्रोजेक्ट +2 उच्च विद्यालय, सदमा के सभागार में मुख्य कार्यक्रम एवं सभा का आयोजन किया गया। इसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भाग लिया। मौके पर समिति के अध्यक्ष बाबूलाल महली ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की पहचान, संस्कृति और अधिकारों के प्रति जागरूकता का महत्वपूर्ण अवसर है। अपनी भाषा, परंपरा, संस्कृति और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अपनी समृद्ध विरासत और संस्कृति को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का संचालन समिति के सचिव रमेश उरांव ने किया। मुख्य रूप से कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य कमिश्नर मुंडा, धनेश्वर मुंडा, हरिलाल मुंडा, शिवचरण करमाली, रंजीत पाहन, झिरगा पाहन, छटू मुंडा, संजय मुंडा, रेश्मी तिर्की, कुलदीप उरांव, अंजन मुंडा, रवि मुंडा, रितेश मुंडा, सनु मुंडा, जेठू मुंडा, मतीया उरांव, बिगु मुंडा, मनिता महली, भगत उरांव, विजय उरांव, ललकू मुंडा, बली करमाली, किशोर मुंडा, राजू मुंडा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों एवं समाज के लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


