तय मानकों का पालन नहीं करने पर डीएफओ ने मांगा स्पष्टीकरण, एक सप्ताह में रिपोर्ट देने का निर्देश
शुभ लक्ष्मी, राजगीर और एनएचएआई गुमला नामक कम्पनी के टेलरों ने फ्लाई ऐश सड़क पर गिराकर मचाया है कोहराम
चतरा: टंडवा में संचालित एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा प्लांट के फ्लाई ऐश परिवहन से आम लोगों को हो रही परेशानी को लेकर वन विभाग ने गंभीरता से लिया है। दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी सह जिला पर्यावरण समिति के सदस्य सचिव अहमद बेलाल अनवर ने टंडवा एनटीपीसी के मुख्य महाप्रबंधक को पत्र लिखकर स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही फ्लाई ऐश के परिवहन में निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। पत्र में कहा गया है कि विभिन्न स्रोतों व आम लोगों से शिकायत मिली है कि एनटीपीसी द्वारा फ्लाई ऐश का परिवहन टंडवा व जिले की अन्य ग्रामीण मुख्य सड़कों से किया जा रहा है। इस दौरान निर्धारित एसओपी का पालन नहीं किया जा रहा है। इससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं स्थानीय लोगों को सांस लेने में दिक्कत समेत अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा पर्यावरण भी प्रदूषित हो रहा है। डीएफओ ने एनटीपीसी प्रबंधन को निर्देश दिया है कि फ्लाई ऐश परिवहन के लिए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। साथ ही एसओपी का पालन नहीं किए जाने के कारणों का उल्लेख करते हुए एक सप्ताह के अंदर स्पष्टीकरण रिपोर्ट समर्पित करें। पत्र की प्रतिलिपि उपायुक्त को भी सूचनार्थ भेजी गई है। अब देखना होगा कि एनटीपीसी प्रबंधन इस मामले में क्या जवाब देता है और फ्लाई ऐश से हो रही परेशानी को रोकने के लिए क्या कदम उठाता है। फिलहाल, स्थानीय लोगों को प्रदूषण से राहत मिलने का इंतजार है।
एनटीपीसी की फ्लाई ऐश से ग्रामीणों की सड़कों पर प्रदूषण, वन विभाग ने एक सप्ताह में मांगा जवाब

Leave a Comment Leave a Comment

