औरंगाबाद : पौथु थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में शामिल एक विधि विरुद्ध किशोर को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा एक बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को पौथु थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि पौथु थाना कांड संख्या 81/26 के नामजद आरोपित पिंटू कुमार बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से गोह-पेजना मार्ग होते हुए पौथु की ओर जा रहा है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस ने ओठा मोड़ के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान पिंटू कुमार को मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में पिंटू ने पुलिस के समक्ष घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि 17 अगस्त को उसने अपने साथी सन्नी कुमार, निवासी सोसुना, थाना बंदेया, के साथ मिलकर मंझौली गांव में गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया था। घटना में प्रयुक्त हथियार उसने सन्नी को छिपाने के लिए दिया था। इसके बाद पौथु और बंदेया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बंदेया थाना क्षेत्र के सोसुना गांव में छापेमारी कर सन्नी कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सन्नी ने बताया कि उसने हथियार अपने एक नाबालिग साथी को रखने के लिए दे दिया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मलहद गांव में नाबालिग के घर छापेमारी की। कमरे से एक अवैध लोहे का देशी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
मामले में बंदेया थाना कांड संख्या 97/26 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार पिंटू कुमार (22) और सन्नी कुमार (20) को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि विधि विरुद्ध किशोर को न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपितों में पिंटू कुमार, निवासी एड़ी थाना उपहारा और सन्नी कुमार, निवासी सोसुना थाना बंदेया शामिल हैं।
गोलीबारी कांड का खुलासा, दो गिरफ्तार, नाबालिग निरुद्ध; देशी कट्टा व पांच कारतूस बरामद

Leave a Comment Leave a Comment

