छह माह की बकाया राशि का भुगतान एक सप्ताह में करने का आश्वासन, शिक्षक संघ ने वापस लिया आंदोलन का फैसला
गोपाल विद्यार्थी
पटना : बिहार के प्राथमिक विद्यालयों में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) योजना को एक नवंबर से बंद करने का आह्वान वापस ले लिया गया है। मध्याह्न भोजन निदेशक विनायक मिश्रा के साथ बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की वार्ता के बाद यह निर्णय लिया गया। विभाग ने छह माह से लंबित एमडीएम की बकाया राशि का भुगतान एक सप्ताह के भीतर करने का आश्वासन दिया है। बकाया राशि का भुगतान नहीं होने पर शिक्षक संघ ने एक नवंबर से पूरे बिहार में मध्याह्न भोजन योजना स्थगित करने की चेतावनी दी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एमडीएम निदेशक ने संघ के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए आमंत्रित किया। बैठक में बताया गया कि अधिकांश जिलों में बकाया राशि भेज दी गई है, जबकि शेष जिलों में भुगतान की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर जारी है।
रसोइयों के मानदेय और वेंडरों के भुगतान पर भी सहमति
वार्ता में रसोइयों के तीन माह के मानदेय का भुगतान उनके खातों में भेजे जाने की जानकारी दी गई। पटना, नालंदा और नवादा समेत कुछ जिलों में शेष भुगतान जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया गया। वहीं, ग्रामीण वेंडरों को भुगतान में जीएसटी बिल की अनिवार्यता से हो रही परेशानी पर भी चर्चा हुई। निदेशक ने आश्वासन दिया कि 40 लाख रुपये से कम वार्षिक टर्नओवर वाले ग्रामीण वेंडरों को जीएसटी बिल के बिना भुगतान किया जाएगा। इस संबंध में विभागीय पत्र जारी करने की बात कही गई।वार्ता में संघ के प्रदेश अध्यक्ष जयराम शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष कमलेश कुमार यादव, प्रदेश महासचिव दिनेश कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। विभाग के सकारात्मक आश्वासन के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने एक नवंबर से एमडीएम बंद करने की पूर्व घोषणा वापस लेने का निर्णय लिया। संघ ने उम्मीद जताई कि विभाग सभी बकाया राशि का भुगतान निर्धारित समय में सुनिश्चित करेगा।


