औरंगाबाद में बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के बंद घर में चोरी, वास्तु विहार सोसाइटी में एक ही रात में 4 घरों में सेंध, 20 लाख के गहने चोरी

Lok Bimb
3 Min Read

औरंगाबाद : शहर के वास्तु विहार सोसाइटी में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के बंद आवास में चोरों ने सेंधमारी की है। राजेश राम एक दिन पहले ही अपने घर में ताला बंद कर पटना के लिए रवाना हुए थे। मामले की सूचना पर कांग्रेस नेता सूरज राय मौके पर पहुंचे। घर के अंदर जाकर देखा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। हालांकि आवास से क्या-क्या सामान चोरी हुआ है, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
CCTV में चार लोग बाउंड्री फांदते दिखे
आवास की देखरेख के लिए कर्मा रोड निवासी केयरटेकर जितन रहते थे। रविवार की शाम वह भी ताला लगाकर अपने गांव चले गए थे। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में चार संदिग्ध बाउंड्री फांदकर सोसाइटी के अंदर प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। करीब एक घंटे तक चोर सोसाइटी के अंदर रहे और चोरी के बाद उसी रास्ते से बाहर निकल गए। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी है।

तीन और बंद घरों को बनाया निशाना

राजेश राम के घर के साथ-साथ तीन अन्य बंद घरों में भी चोरी हुई है। सबसे बड़ी घटना संतोष सिंह के घर में हुई, जहां से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार संतोष सिंह फिलहाल देवघर गए हुए हैं, जबकि उनकी पत्नी कर्मा रोड स्थित अपनी बहन के घर गई थीं। सुबह लौटने पर मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अलमारी टूटी हुई थी और गहने गायब थे। इसके अलावा प्रदीप सिंह और बृजेश कुमार के बंद मकानों का भी ताला तोड़ा गया।
14 महीने पहले भी हुई थी चोरी
वास्तु विहार सोसाइटी में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। करीब 14 महीने पहले भी फेज-1 और फेज-2 में चोरी हुई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि तब भी पुलिस जांच के बाद चोरों तक नहीं पहुंच पाई थी। एक ही रात में चार घरों में चोरी के बाद सोसाइटी में सुरक्षा को लेकर दहशत है।

Share This Article
Leave a Comment