सावन पूर्णिमा पर शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी ने किया बाबा हरिहरनाथ का रुद्राभिषेक, प्रदेश की खुशहाली की कामना की

Lok Bimb
2 Min Read

सोनपुर । सावन के पावन महीने की पूर्णिमा के अवसर पर बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचकर विधिवत रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना की। मंत्री ने प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना पवन बाबा और सदानंद बाबा ने करवाई। दर्शन-पूजन के बाद मंदिर परिसर में भाजपा नेता सह सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह और मंदिर सचिव विजय लाला ने शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी को मंदिर का प्रतीक चिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मंत्री मिथलेश तिवारी ने कहा कि गंगा और गंडक नदी के संगम पर स्थित हरिहर क्षेत्र का बाबा हरिहरनाथ मंदिर हिंदू धर्म में अत्यधिक पौराणिक और ऐतिहासिक महत्व रखता है। आज इस पवित्र धाम में आकर दर्शन-पूजन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। यह एक अत्यंत पवित्र और ऐतिहासिक तीर्थ स्थान है, जिसका मुख्य महत्व यह है कि यहाँ हरि यानी भगवान विष्णु और हर यानी भगवान शिव एक ही शिवलिंग में संयुक्त स्वरूप में विराजमान हैं, जो इसे शैव और वैष्णव संप्रदाय की एकता का अद्वितीय प्रतीक बनाता है। सावन पूर्णिमा के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही भक्तों ने जलाभिषेक और दर्शन के लिए कतार लगाई। हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गूंजता रहा। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, डीओ छपरा, सोनपुर थानाध्यक्ष दिलीप कुमार, ओएसडी अभ्युदय जी, अरुण सिंह, भाजपा नेता आशुतोष कुमार सिंह, वार्ड प्रतिनिधि टुनटुन सिंह, बाबू साहेब, मंडल अध्यक्ष मोनू सिंह, युवा मोर्चा के सुमंत तिवारी, सुबोध सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित थे। ज्ञात हो कि माननीय मंत्री मिथलेश तिवारी सोनपुर बाबा हरिहरनाथ मंदिर में बराबर आते रहते हैं।

Share This Article
Leave a Comment