छात्रों के सम्मान में भाजपा का प्रदर्शन, डीसी-एसपी कार्यालय घेराव

Lok Bimb
4 Min Read

फातेह आलम तालझारी

JPSC-JSSC समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितता की CBI जांच और छात्र आंदोलन के मुकदमे वापस लेने की उठी मांग

साहिबगंज : झारखंड के छात्रों और युवाओं के अधिकार, सम्मान एवं भविष्य की रक्षा की मांग को लेकर भाजपा साहिबगंज जिला की ओर से गुरुवार को जिला अध्यक्ष गौतम कुमार यादव के नेतृत्व में डीसी एवं एसपी कार्यालय घेराव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, छात्र-युवाओं एवं आम नागरिकों ने हिस्सा लिया और सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई।
जनआंदोलन में झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राजमहल के पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा तथा बोरियो के पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इस दौरान भाजपा नेताओं ने JPSC एवं JSSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष CBI जांच कराने, छात्रों के हितों की रक्षा करने तथा छात्र आंदोलनों के दौरान दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग उठाई। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड के युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि छात्रों की जायज मांगों को दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। भाजपा छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगी। राजमहल के पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा ने कहा कि झारखंड के छात्र और युवा अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितता और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ को भाजपा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के लिए मुकदमा दर्ज करना समाधान नहीं है। सरकार को छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर न्याय सुनिश्चित करना चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम कुमार यादव ने कहा कि साहिबगंज की धरती से आज छात्रों और युवाओं की आवाज को बुलंद किया गया है। भाजपा का आंदोलन किसी व्यक्ति या दल के खिलाफ नहीं, बल्कि छात्रों के अधिकार, परीक्षा में पारदर्शिता और युवाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए है। उन्होंने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता, भाजपा उनकी आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी। कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री कृष्णा महतो, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गणेश प्रसाद तिवारी, कृपानाथ मंडल, धर्मेंद्र कुमार, रामानंद साह, मंडल मुर्मू, जिला प्रभारी अमृत कुमार पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष रणधीर सिंह, प्रदीप अग्रवाल, उज्ज्वल मंडल, राजेश मंडल, राजीव चौधरी, जिला महामंत्री शलखु सोरेन सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पार्टी कार्यकर्ता, विद्यार्थी एवं युवा बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
जुलूस का नेतृत्व अनंत कुमार सिन्हा ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन शिवम शर्मा ने किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और छात्र-युवाओं ने सरकार से छात्रों के हित में तत्काल ठोस कदम उठाने तथा उनकी मांगों पर न्यायपूर्ण कार्रवाई करने की मांग की। भाजपा नेताओं ने कहा कि युवाओं की यह आवाज आने वाले समय में झारखंड की दिशा और दशा बदलने का काम करेगी।

Share This Article
Leave a Comment