स्व. दुर्गा सोरेन की जयंती पर कार्यकर्ताओं ने किया रक्तदान, सीता सोरेन ने ब्लड बैंक पहुंचकर रक्तदाताओं का बढ़ाया हौसला

Lok Bimb
3 Min Read

फातेह आलम तालझारी

साहिबगंज : झारखंड आंदोलन के महानायक दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आंदोलन को मजबूती देने वाले स्व. दुर्गा सोरेन की जयंती गुरुवार को शहर के लोहड़ा स्थित दुर्गा सोरेन सेना के जिला कार्यालय में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में जामा विधायक सीता सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्गा सोरेन सेना की राष्ट्रीय अध्यक्ष राजश्री सोरेन ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ स्व. दुर्गा सोरेन, स्व. शिबू सोरेन एवं दिव्यांशु कुमार सोनू के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। जयंती के अवसर पर कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर स्व. दुर्गा सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। इससे पूर्व विधायक सीता सोरेन कार्यकर्ताओं के साथ सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक पहुंचीं। यहां कार्तिक साह, विकास मंडल, अंगद दास एवं संजय साह ने रक्तदान किया। विधायक ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए उनके इस सामाजिक कार्य की सराहना की।
रक्तदान के बाद सीता सोरेन दुर्गा सोरेन सेना के जिला कार्यालय पहुंचीं, जहां केक काटकर स्व. दुर्गा सोरेन की जयंती मनाई गई। इस दौरान उन्होंने स्व. दुर्गा सोरेन के संघर्ष, योगदान और झारखंड आंदोलन में उनकी भूमिका को याद किया।
विधायक सीता सोरेन ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। आज रक्तदान कर हमने दुर्गा सोरेन सेना को सींचने का काम किया है। उन्होंने कहा कि स्व. दुर्गा सोरेन ने झारखंड के लिए संघर्ष किया और उनके विचार एवं संघर्ष कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणा बने रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने हाल में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे सरकार की दमनकारी नीति बताया। उन्होंने कहा कि जिस झारखंड को आंदोलनकारियों ने अपने खून-पसीने से सींचा, उसी राज्य में आज युवाओं और छात्रों की आवाज को लाठी के बल पर दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब झारखंड की जनता को दूसरा विकल्प चुनने की जरूरत है। मौके पर दुर्गा सोरेन सेना के कई जिला पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment