विधायक सविता महतो ने चांडिल में 25 आंदोलनकारियों के बीच प्रमाण पत्र और  छात्रों को बांटी साइकिल

Lok Bimb
2 Min Read

चांडिल प्रखंड के 2500 छात्र छात्राओं को मिलेंगे साइकिल

चांडिल : प्रखंड कार्यालय सभागार में गुरुवार को झारखंड आंदोलनकारियों के बीच प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ईचागढ़ विधायक सविता महतो शामिल हुईं। इस दौरान विधायक ने चांडिल प्रखंड के 25 झारखंड आंदोलनकारियों के बीच प्रमाण पत्र तथा 35 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण कर शुभारंभ किया। मौके पर विधायक सविता महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों ने अलग राज्य के गठन के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया है। उनके संघर्ष और योगदान को सम्मान देना सरकार की जिम्मेदारी है। प्रमाण पत्र मिलने से आंदोलनकारियों को सरकार की ओर से मिलने वाले लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान और उनके हितों को लेकर गंभीर है। विधायक ने कहा चांडिल प्रखंड क्षेत्र के 2500 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण होगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए साइकिल उपलब्ध कराई जा रही है। इससे विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय जाने में सुविधा मिलेगी और उनकी पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी। कार्यक्रम के प्रखंड विकास पदाधिकारी तालेश्वर रविदास, जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक, झामुमो केंद्रीय सदस्य चारु चांद किस्कू, ओम प्रकाश लायेक, काबलु महतो, जिला सचिव बैधनाथ टुडू,  झामुमो प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, समर भुईयां, प्रखंड के पदाधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, झारखंड आंदोलनकारी एवं अन्य लोग उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment