गोपाल विद्यार्थी
पटना : नई दिल्ली में आयोजित इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया । कार्यक्रम में दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया भी शामिल हुए। मौके पर सेंटर स्टेट राउन्ड टेबल मीटिंग में बिहार ने सक्रिय एवं प्रभावी सहभागिता की। सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा के नेतृत्व में सूचना प्रावैधिकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। श्री मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों तक इंटरनेट एवं डिजिटल कनेक्टिविटी की पहुंच सुनिश्चित करने, कनेक्टिविटी को और अधिक सुदृढ़ एवं विश्वसनीय बनाने तथा इंटरनेट के व्यापक उपयोग पर विस्तार से चर्चा हुई। विशेष रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में इंटरनेट एवं दूरसंचार तकनीक के प्रभावी उपयोग, सेवाओं की पहुंच बढ़ाने तथा आम नागरिकों को इसका अधिकतम लाभ पहुंचाने के विषय पर विचार-विमर्श किया गया। श्री मिश्रा ने कहा कि बिहार में डिजिटल कनेक्टिविटी, तकनीकी नवाचारऔर उभरती प्रौद्योगिकियों के विकास को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। राज्य सरकार एक मजबूत एवं भविष्य उन्मुख आईटी इकोसिस्टम तैयार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। श्री मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया विज़न के अनुरूप तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार डिजिटल कनेक्टिविटी, तकनीकी नवाचार, और उभरती प्रौद्योगिकियों को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
डिजिटल भविष्य को आकार देने में बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका : नीतीश मिश्रा

Leave a Comment Leave a Comment

