ईचागढ़ : सुवर्णरेखा बहुउद्देशीय परियोजना के चांडिल डैम से प्रभावित 116 गांवों के विस्थापितों की समस्याओं को लेकर आजसू पार्टी ने आवाज उठाई है। आजसू नेता भोलानाथ महतो ने मांग की है कि डैम के आंशिक डूब क्षेत्र में जिन रैयतों की जमीनें गई हैं, उन्हें भी अनिवार्य रूप से विस्थापित कार्ड उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे अपने वैध अधिकारों और सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
ईचागढ़ में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान आजसू नेता भोलानाथ महतो ने कहा कि चांडिल डैम के विस्थापित परिवार लंबे समय से अपनी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं। इन समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल करने के लिए आजसू पार्टी अब गांव-गांव जाकर लोगों से सीधा संपर्क करेगी। इस विशेष जनसंपर्क अभियान के दौरान विस्थापितों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा और उनकी जमीनी समस्याओं की जानकारी जुटाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि विस्थापितों की इन गंभीर समस्याओं से स्थानीय प्रशासन को पहले भी अवगत कराया जा चुका है। आने वाले दिनों में इन मुद्दों को और मजबूती के साथ प्रशासन के समक्ष उठाया जाएगा ताकि पीड़ितों को उनका हक दिलाया जा सके।
क्षेत्र की हर एक जनसमस्या पर आजसू की पैनी नजर है। पार्टी जनता के हक और अधिकार के लिए पहले भी संघर्षरत थी, आज भी पूरी मजबूती के साथ खड़ी है और आगे भी खड़ी रहेगी। विस्थापितों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है।
आजसू की जिला कमेटी के विस्तार में हो रही देरी से संबंधित सवाल पर भोलानाथ महतो ने कहा कि इस विषय पर अंतिम निर्णय पार्टी की केंद्रीय कमेटी को लेना है। वहीं, हरेलाल महतो के पार्टी छोड़ने के बाद पुराने कार्यकर्ताओं के जुड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी के पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ता लगातार वापस जुड़ रहे हैं। उन्होंने पूरा भरोसा जताया कि आजसू जनता के तमाम मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।


