झारखंड आंदोलनकारियों को अंगवस्त्र प्रदान कर किया गया सम्मानित

Lok Bimb
2 Min Read

फातेह आलम तालझारी

संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन करते हुए जताई गई कृतज्ञता

साहिबगंज : झारखंड की पहचान, अस्मिता, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए लंबे समय तक संघर्ष करने वाले झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान में झारखंड आदिवासी महोत्सव-2026 के अवसर पर विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह के दौरान आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। साहिबगंज स्थित सिद्धो-कान्हू सभागार में आयोजित महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम के दौरान मुख्य मंच पर उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग, नगर परिषद साहिबगंज के अध्यक्ष रामनाथ पासवान सहित अन्य पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने झारखंड आंदोलनकारियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने झारखंड आंदोलन के दौरान आंदोलनकारियों द्वारा किए गए संघर्ष, त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा में आंदोलनकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उनके संघर्ष और समर्पण के कारण झारखंड की जल, जंगल और जमीन, भाषा, संस्कृति एवं विशिष्ट पहचान के संरक्षण की आवाज को मजबूती मिली।
वक्ताओं ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। राज्य के निर्माण के लिए उनके द्वारा किए गए संघर्ष और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। समारोह में आंदोलनकारियों का सम्मान केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके योगदान के प्रति समाज और सरकार की कृतज्ञता का प्रतीक बताया गया। समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने झारखंड आंदोलनकारियों के संघर्ष और योगदान को नमन करते हुए उनके सम्मान एवं अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Share This Article
Leave a Comment