पानी भरे गड्ढे में डूबने से 42 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Lok Bimb
3 Min Read

मदनपुर के दर्शन नगर में पैर फिसलने से हुआ हादसा, परिजनों ने आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजे की मांग की

औरंगाबाद। औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पतेया टोले के दर्शन नगर में रविवार की सुबह पानी भरे गड्ढे में डूबने से एक 42 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान दर्शन नगर निवासी रामबली भुइयां की पत्नी सुगिया देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, गांव में भी शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुगिया देवी रविवार की सुबह अपने घर के समीप से गुजर रही थीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह पास में स्थित पानी से भरे गड्ढे में जा गिरीं। उस समय आसपास परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था, जिसके कारण घटना की जानकारी तत्काल नहीं मिल सकी। कुछ देर बाद जब परिजनों की नजर उन पर पड़ी तो वह पानी में अचेत अवस्था में मिलीं।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने मृत घोषित किया
महिला को पानी में अचेत देखकर परिजन घबरा गए। उन्होंने आनन-फानन में उन्हें गड्ढे से बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर पहुंचाया। हालांकि, वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. कुमार जय ने जांच के बाद सुगिया देवी को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पति रामबली भुइयां सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की सूचना मिलने पर मदनपुर थाना के एसआई रोहित कुमार और स्नेहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। पुलिस पदाधिकारियों ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया गया।
मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि दर्शन नगर में पानी में डूबने से एक महिला की मौत होने की सूचना मिली है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार
इधर, मृतका के परिजनों ने जिला प्रशासन से आपदा प्रबंधन के प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा देने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि इस अप्रत्याशित हादसे से परिवार को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने प्रशासन से घटना की जांच कर नियमानुसार पात्रता के आधार पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।

Share This Article
Leave a Comment