महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग पटना जं. पर किया रेल जन संवाद तथा
यात्रियों से लिया फीडबैक
हाजीपुर : स्पेशल कैंपेन-06 के तहत आज दिनांक 22 अक्टूबर, 2026 को देशभर के सभी रेलवे स्टेशनों सहित पूर्व मध्य रेल के सभी स्टेशनों पर ‘रेल जन संवाद’ का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों से सीधा संवाद स्थापित कर रेलवे परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ रेल वातावरण के निर्माण में जन भागीदारी सुनिश्चित करना है।
इसी अभियान के तहत पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग द्वारा पटना जं. पर रेल जन संवाद कार्यक्रम के तहत रेल यात्रियों से संवाद कर स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, शौचालय, पेयजल स्थलों तथा अन्य यात्री सुविधाओं की स्वच्छता से संबंधित सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किया गया । प्राप्त शिकायतों एवं फीडबैक को संकलित कर उनकी समीक्षा की जाएगी और उनके समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। रेल जन संवाद के दौरान महाप्रबंधक महोदय ने पटना जं. पर उपस्थित प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए रेलवे द्वारा स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों एवं यात्री सुविधा के मद्देनजर उठाए गए कदमों की जानकारी दी । उन्होंने कहा कि पूर्व मध्य रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है । इस अवसर पर दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री विनोद कुमार सहित मुख्यालय एवं मंडल के अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे । इसी कड़ी में अपर महाप्रबंधक अमरेन्द्र कुमार गया जं. पर उपस्थित थे जहां उन्होंने यात्रियों से संवाद स्थापित किया ।
अभियान की प्रभावी निगरानी एवं सफल क्रियान्वयन के लिए पूर्व मध्य रेल के मुख्यालय, पांचों मंडलों एवं संबंधित इकाइयों के स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गयी है । प्रमुख स्टेशनों पर मंडल रेल प्रबंधकों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में तथा अन्य स्टेशनों पर संबंधित शाखा अधिकारियों एवं स्टेशन प्रबंधकों द्वारा रेल जन संवाद के माध्यम से यात्रियों से संवाद स्थापित कर उनसे फीडबैक लिया गया ।


