शंभूगंज में मंदिरों में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, तीन गिरफ्तार और एक विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध

Lok Bimb
4 Min Read

तीन मंदिरों से चोरी हुई घंटी व बर्तनों समेत कांसा-तांबे के सामान बरामद, चोरी का सामान खरीदने वाला दुकानदार भी गिरफ्तार


शंभूगंज (बांका) : 
बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र में विभिन्न मंदिरों से पूजा की घंटी और बर्तनों की चोरी की घटनाओं का पुलिस ने उद्भेदन करने का दावा किया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को भी चोरी के सामान के साथ निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले दुकानदार को भी गिरफ्तार कर उसके घर से चोरी के सामान बरामद किए हैं।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शंभूगंज थाना क्षेत्र के कई मंदिरों में पूजा की घंटी और बर्तनों की चोरी की घटनाएं हुई थीं। इन घटनाओं के संबंध में शंभूगंज थाना कांड संख्या 327/26, दिनांक 21 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2)/317(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, बांका एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बांका सदर के निर्देश पर बांका अंचल के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। डायल 112 के कर्मियों एवं गश्ती पदाधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना के आधार पर मिर्जापुर से गिरोह के मुख्य सरगना सावन कुमार उर्फ काजू को गिरफ्तार किया। वह शंभूगंज थाना क्षेत्र के करसोप गांव निवासी अंगद सिंह का पुत्र है।गठित टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और पारंपरिक पुलिसिंग के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया तथा एक विधि-विरुद्ध बालक को चोरी के सामान के साथ निरुद्ध किया। पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले मिर्जापुर निवासी दुकानदार पप्पू कुमार साह के घर से भी चोरी की सामग्री बरामद की। पुलिस आरोपितों के आपराधिक इतिहास का पता लगा रही है। वहीं, चोरी की अन्य घटनाओं में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी और शेष सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।

गिरफ्तार आरोपितों के नाम

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में शंभूगंज थाना क्षेत्र के करसोप गांव निवासी अंगद सिंह का पुत्र सावन कुमार उर्फ काजू, मिर्जापुर निवासी सुरेश प्रसाद साह का पुत्र पप्पू कुमार साह तथा जोगनी गांव निवासी मो. कारू का पुत्र मो. सलमान शामिल हैं। पप्पू कुमार साह पर चोरी का सामान खरीदने का आरोप है। इसके अलावा एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।

ये सामान हुए बरामद

पुलिस द्वारा जारी जब्ती सूची के अनुसार, छापेमारी के दौरान मंदिर की तीन घंटियां, कांसे के आठ लोटे, कांसे का एक पैला तथा तांबे की पांच प्लेटें बरामद की गई हैं।

छापेमारी दल में शामिल थे ये अधिकारी

छापेमारी दल का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक राम शंकर सिंह (बांका अंचल) ने किया। टीम में शंभूगंज थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक आदर्श कुंदन,पुलिस अवर निरीक्षक आदित्य कुमार, अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक शंकर कुमार शर्मा, पीटीसी नंदन कुमार, पीटीसी अंजना कुमारी तथा शंभूगंज थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अन्य मामलों में संलिप्त आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article
Leave a Comment