16 वर्षीय मोनू के अंगदान से तीन मरीजों को मिला नया जीवन, सरकार ने दिए 15 लाख रुपये
गोपाल विद्यार्थी
पटना : बिहार में अंगदान और अंग प्रत्यारोपण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। राज्य में पहली बार बिहार सरकार की आर्थिक सहायता से लिवर प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की पहल पर इस प्रत्यारोपण के लिए सरकार की ओर से 15 लाख रुपये का अनुदान उपलब्ध कराया गया। यह प्रत्यारोपण 16 वर्षीय मोनू कुमार के अंगदान से संभव हो सका। पटना निवासी मोनू सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान आईजीआईएमएस, पटना में उन्हें ब्रेन डेड घोषित किया गया। इस दुख की घड़ी में उनके परिजनों ने साहसिक निर्णय लेते हुए उनका लिवर और दोनों किडनी दान कर दी। मोनू के अंगदान से तीन मरीजों को नया जीवन मिला। आईजीआईएमएस में 19 वर्षीय युवती का सफल लिवर प्रत्यारोपण किया गया, जबकि एक मरीज का किडनी प्रत्यारोपण आईजीआईएमएस और दूसरे मरीज का एम्स, पटना में किया गया। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही उन्होंने आईजीआईएमएस के निदेशक और लिवर प्रत्यारोपण विभाग के अध्यक्ष को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। उन्होंने कहा कि आर्थिक कठिनाई के कारण किसी भी जरूरतमंद मरीज को जीवनरक्षक उपचार से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में आईजीआईएमएस की ब्रेन डेथ कमेटी, सोटो बिहार, नोट्टो दिल्ली, रोटो कोलकाता तथा आईजीआईएमएस और एम्स पटना की चिकित्सकीय टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।स्वास्थ्य मंत्री ने चिकित्सकीय टीम को बधाई देते हुए मोनू के परिजनों के प्रति संवेदना और सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अंगदान महादान है। मोनू का महादान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। एक व्यक्ति का अंगदान कई लोगों को नया जीवन दे सकता है।


