शिक्षा मंत्री ने किया ‘भारत पूछ रहा है’  का विमोचन, राष्ट्र निर्माण में नागरिक भागीदारी पर जोर

Lok Bimb
2 Min Read

राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का बोध कराती है रंजन कुमार प्रसाद की पुस्तक

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका और उसके दायित्वों को लेकर आत्ममंथन का संदेश देने वाली पुस्तक ‘भारत पूछ रहा है’ का बुधवार को शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने विमोचन किया। शिक्षा विभाग स्थित मदन मोहन झा सभागार में आयोजित गरिमामय समारोह में साहित्यकार एवं शिक्षक रंजन कुमार प्रसाद द्वारा लिखित इस पुस्तक का विधिवत लोकार्पण किया गया। मौके पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने पुस्तक की विषयवस्तु और उसकी सामाजिक प्रासंगिकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के विकास में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण होती है। नागरिकों को अपने अधिकारों के साथ-साथ देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए भी सजग रहना चाहिए। पुस्तक ‘भारत पूछ रहा है’ में लेखक ने विभिन्न सामाजिक, राष्ट्रीय और समसामयिक विषयों के माध्यम से नागरिक जिम्मेदारियों, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक चेतना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया है। यह कृति पाठकों को आत्मचिंतन के लिए प्रेरित करती है और राष्ट्र निर्माण में अपनी व्यक्तिगत भूमिका को समझने का संदेश देती है।लेखक रंजन कुमार प्रसाद ने कहा कि पुस्तक लिखने का उद्देश्य प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्यबोध की भावना जागृत करना है। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए केवल सरकार या व्यवस्था से अपेक्षा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को भी अपनी भूमिका और जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा। समारोह में क्रीड़ा भारती के प्रदेश अध्यक्ष राजेश्वर राज, शिक्षक संतोष कुमार सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।पुस्तक का केंद्रीय संदेश है कि हम केवल यह सवाल न करें कि देश ने हमें क्या दिया, बल्कि स्वयं से भी यह पूछें कि हमने देश के लिए क्या किया है। यही आत्ममंथन राष्ट्रप्रेम को वास्तविक अर्थ प्रदान करता है और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

Share This Article
Leave a Comment