सीबीएसई के नवनियुक्त आरओ का भव्य स्वागत, शिक्षा की गुणवत्ता और नवाचार पर मंथन

Lok Bimb
3 Min Read

पाटलिपुत्र सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स के समारोह में जुटे पटना के शिक्षाविद और विद्यालयों के प्राचार्य

250 से अधिक विद्यालयों का प्रतिनिधित्व करने वाला संगठन शिक्षा में सामूहिक प्रयासों को दे रहा नई दिशा : डॉ. राजीव रंजन सिन्हा

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : पाटलिपुत्र सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स की ओर से बुधवार को सीबीएसई पटना क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अधिकारी जंगम सुनील कुमार, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख पंकज कुमार शर्मा तथा सीबीएसई की अवर सचिव नवनीता शर्मा के सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किया गया।समारोह में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, शैक्षणिक नवाचार, शिक्षक सशक्तीकरण और विद्यालयों के बीच आपसी सहयोग को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।कार्यक्रम में पटना एवं आसपास के सीबीएसई संबद्ध विद्यालयों के प्राचार्यों और शिक्षाविदों ने भाग लिया। मौके पर सीबीएसई पटना के सिटी कोऑर्डिनेटर अविनाश चंद्र भी मौजूद रहे। समारोह का मुख्य उद्देश्य सीबीएसई और संबद्ध विद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में सामूहिक प्रयासों को नई दिशा देना था। पाटलिपुत्र सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स के अध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन सिन्हा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठन की उपलब्धियों और भावी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सहोदया केवल विद्यालयों का संगठन नहीं, बल्कि विचारों, अनुभवों और संसाधनों को साझा करने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2000 को स्थापित पाटलिपुत्र सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स आज 250 से अधिक सदस्य विद्यालयों के साथ शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वहीं सीबीएसई पटना के नवनियुक्त क्षेत्रीय अधिकारी जंगम सुनील कुमार ने शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को सहज संवाद और रोचक उदाहरणों के माध्यम से प्रस्तुत किया। उन्होंने शिक्षा की बदलती जरूरतों और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में विद्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। मौके पर विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों ने भी अपने विचार रखे और सीबीएसई के वरिष्ठ पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया। संगठन की सचिव इंशा रहमान ने सामूहिक प्रयासों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसी भी शैक्षणिक संगठन की वास्तविक शक्ति उसके सदस्य विद्यालयों की संख्या में नहीं, बल्कि उन उपलब्धियों में होती है। सामूहिक प्रयासों से विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक एवं व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Share This Article
Leave a Comment