पुराने फलदार बागानों का होगा कायाकल्प, किसानों को मिलेगा 40 फीसदी अनुदान

Lok Bimb
3 Min Read

आम-लीची के पुराने पेड़ों की वैज्ञानिक तरीके से होगी देखभाल, फल उत्पादन और किसानों की आमदनी बढ़ाने की पहल

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : बिहार में पुराने एवं कम उत्पादकता वाले फलदार बागानों को फिर से हरा-भरा और लाभकारी बनाने के लिए कृषि विभाग ने विशेष पहल की है। एकीकृत बागवानी विकास योजना के तहत पुराने फलदार बागानों के जीर्णोद्धार एवं उत्पादकता बढ़ाने के लिए किसानों को विभिन्न कार्यों पर 40 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि इस पहल से आम और लीची जैसे पुराने बागानों का वैज्ञानिक तरीके से कायाकल्प होगा तथा फल उत्पादन बढ़ने के साथ किसानों की आय में भी वृद्धि होगी। कृषि मंत्री ने बताया कि उद्यान निदेशालय के माध्यम से संचालित इस योजना में पुराने पेड़ों की सूखी एवं अनुपयोगी शाखाओं की वैज्ञानिक कटाई, छत्र प्रबंधन (कैनोपी मैनेजमेंट) और संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे पेड़ों की सेहत में सुधार होगा और उनकी उत्पादन क्षमता दोबारा विकसित करने में मदद मिलेगी। योजना के तहत पुराने फलदार पेड़ों की शाखाओं की कटाई एवं छत्र प्रबंधन के लिए प्रति इकाई 10 हजार रुपये की निर्धारित लागत पर 40 प्रतिशत यानी चार हजार रुपये अनुदान दिया जाएगा। वहीं, पोषक तत्व प्रबंधन के लिए प्रति इकाई 40 हजार रुपये की लागत पर 16 हजार रुपये की सहायता मिलेगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 में यह योजना राज्य के 19 जिलों में लागू की जाएगी। इनमें बांका, भागलपुर, भोजपुर, बक्सर, दरभंगा, कटिहार, खगड़िया, मधुबनी, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, पटना, पूर्वी चंपारण, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, सुपौल और वैशाली शामिल हैं। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आधुनिक कृषि तकनीकों और वैज्ञानिक प्रबंधन के माध्यम से खेती को अधिक लाभकारी बनाना है। पुराने बागानों की उचित देखभाल और पोषक तत्वों के संतुलित उपयोग से किसानों को बेहतर उत्पादन मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि ‘बागान होंगे गुलजार, समृद्ध होंगे किसान’ के संकल्प के साथ सरकार बागवानी क्षेत्र को नई गति देने और किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment