लाइफ सर्टिफिकेट के लिये रेलवे पेंशनरों को नहीं होना पड़ेगा परेशान
हाजीपुर : पूर्व मध्य रेल पर 01 से 30 नवम्बर, 2026 तक डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 चलाया जाएगा, जिसके द्वारा पेंशनरों या पारिवारिक पेंशनरों के लिए जीवन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया को सरल एवं आसान बनाया गया है। पेंशनभोगियों को अपनी पेंशन निरंतरता सुनिश्चित करने के लिये प्रत्येक वर्ष माह नवम्बर में व्यक्तिगत रूप से बैंक जाना अब आवश्यक नहीं रहा। इस अभियान के अन्तर्गत पेंशनरों को ऑनलाइन जीवन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने का विकल्प प्रदान किया गया है, जिससे समय की बचत होगी। वरिष्ठ पेंशनरों के लिए विशेषकर लाभदायक होगा तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों के लिए अक्टूबर माह के अन्तिम सप्ताह से ही पोर्टल पर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट की विशेष सुविधा प्रदान की जा रही है। एक आसान प्रक्रिया के माध्यम से पूर्व मध्य रेल अपने पेंशनरों को सशक्त बनाने के साथ ही जीवन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने को सुव्यवस्थित करना है।
इस अभियान में भाग लेने के लिए पेंशनरों या पारिवारिक पेंशनरों को गूगल प्ले स्टोर से यू.आई.डी.ए.आई. द्वारा ‘‘आधारफेस आर.डी.” (Aadhaar Face RD) एप्लिकेशन डाउनलोड करना होगा। इसके पश्चात पेंशनरों को गूगल प्ले स्टोर से ‘जीवन प्रमाण‘ (Jeevan Pramaan) एप इंस्टाल करना होगा। दोनों एप के इंस्टाल होने के बाद, ऑपरेटर एथेन्टीकेशन स्क्रीन खुलेगा जहाँ पर स्टेप वाइज आगे बढ़ते हुए डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र डाउनलोड किया जा सकेगा। किसी भी संशय की स्थिति में पूर्व मध्य रेल के कार्मिक विभाग, लेखा विभाग अथवा संबन्धित बैंक से सम्पर्क किया जा सकता है।
इसका उपयोग करके, पेंशनभोगी घर से अपने जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं तथा भौतिक यात्राओं की आवश्यकता के बिना सुविधाजनक एवं कुशल प्रक्रिया का आनन्द ले सकते हैं। पूर्व मध्य रेल अपने पेंशनभोगी समुदाय के बेहतर अनुभव तथा सुविधा को बढ़ाने के लिये प्रतिबद्ध है।
पूर्व मध्य रेल द्वारा इस संबंध में मेगा कैंप का भी आयोजन किया जा रहा है । मुख्यालय हाजीपुर में कार्मिक विभाग के वेलफेयर सेक्शन में 02.11.2026 से 06.11.2026 तक, पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल के डीडीयू, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन एवं गया स्टेशन पर 02.11.2026 से 06.11.2026 तक, समस्तीपुर मंडल के नरकटियागंज, बापूधाम मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, सहरसा एवं दरभंगा स्टेशन के ADEN ऑफिस में तथा पेंशन एसोसिएशन ऑफिस, समस्तीपुर में 04.11.2026 एवं 05.11.2026 को मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा ।
इसी तरह धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सुविधा केंद्र में 02.11.2026 से 06.11.2026 तक मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा । इसके साथ ही 02.11.2026 को धनबाद स्टेशन पर, 03.11.2026 को गोमो एवं कोडरमा स्टेशन पर, 04.11.2026 को बरकाकाना एवं पतरातू स्टेशन पर, 05.11.2026 को लातेहार एवं बरवाडीह स्टेशन पर तथा 06.11.2026 को चोपन एवं सिंगरौली स्टेशन पर भी मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा ।
दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के वेलफेयर सेक्शन में 02.11.2026 से 06.11.2026 तक मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा । इसके साथ ही 03.11.2026 से 06.11.2026 तक दानापुर, पटना, राजेंद्र नगर, किऊल, बिहार शरीफ एवं बक्सर स्टेशनों पर भी मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा ।
सोनपुर मंडल के सामुदायिक भवन, सोनपुर में 02.11.2026 से 06.11.2026 तक मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा । इसके साथ ही 02.11.2026 को शाहपुर पटोरी स्टेशन पर, 03.11.2026 एवं 04.11.2026 को बरौनी स्टेशन पर तथा 05.11.2026 एवं 06.11.2026 को थाना बिहपुर स्टेशन पर भी मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा ।
इसी तरह हरनौत वर्कशॉप के प्रशासनिक भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में तथा समस्तीपुर वर्कशॉप के कॉन्फ्रेंस हॉल में 04.11.2026 एवं 05.11.2026 को मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा।


